दिल्ली में चार मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, नौ लोगों की हुई मौत

दिल्ली में चार मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, नौ लोगों की हुई मौत

नई दिल्‍ली: शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं।

मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक संजय गोयल ने बताया कि सुबह करीब 3:45 बजे आग लगी और देखते ही देखते बिल्डिंग के चारों फ्लोर में फैल गई। कुछ लोग दरवाजे का लॉक नहीं खोल पाए, जिस वजह से उनकी मौत हो गई। कुछ शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि कंकाल जैसी हालत में हैं। इसलिए उनकी पहचान DNA जांच से की जाएगी।

शॉर्ट सर्किट घटना का मुख्‍य कारण

पुलिस ने पहचान के लिए शवों की तस्वीरें ली हैं। संजय गोयल के अनुसार, घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट मुख्य कारण बताया जा रहा है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोग AC में धमाके को भी कारण बता रहे हैं।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत के 5-6 फ्लैट्स में फैली थी। लोगों के शव अलग-अलग फ्लोर से बरामद हुए। पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से पांच और तीन शव सीढ़ियों से मिले, जो लॉक था।

घायलों को अस्‍पताल में कराया गया भर्ती

डीसीपी ने कहा कि 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आई थीं। करीब 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Post Comment

You May Have Missed