Naveen Patnaik ने निर्मला सीतारमण को लिखी चिट्ठी, जानिए क्या है मामला?
Naveen Patnaik: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा में नेता विपक्ष नवीन पटनायक ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को एक पत्र लिखा है. अपने पत्र में उन्होंने हाल ही में ओडिशा के क्योंझर जिले में सामने आई उस घटना को लेकर चिंता और दुख जताया है, जिसमें एक आदिवासी व्यक्ति अपनी मृत बहन के कंकाल को लेकर बैंक में उसके खाते से पैसे निकालने के लिए गया था. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं यह पत्र गहरे दुख और अत्यंत तात्कालिकता (Urgency) की भावना के साथ लिख रहा हूं, ताकि राज्य के क्योंझर जिले में स्थित ओडिशा ग्राम्य बैंक के मल्लिपोसी ब्रांच में हुई एक चौंकाने वाली घटना को आपके संज्ञान में ला सकूं.’
उन्होंने कहा, ‘एक आदिवासी नागरिक, जितु मुंडा को अपनी बहन की मौत का सबूत देने के लिए उसके कंकाल को कब्र से निकालकर बैंक तक ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा, ताकि वह अकाउंट से अपनी वैध नकद राशि को निकाल सके. यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब उसने कई बार बैंक के चक्कर लगाए, लेकिन उसे अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिली.’
RBI के दिशा–निर्देशों का हवाला देकर किया अमानवीय व्यवहारः पटनायक
उन्होंने कहा, ‘इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि बैंक ने इस अमानवीय व्यवहार को RBI के दिशा-निर्देशों का हवाला देकर सही ठहराने की कोशिश की. यह दिखाता है कि बैंक अधिकारी प्रक्रियाओं के पीछे छिपकर उन्हीं लोगों को छोड़ रहे हैं, जिनकी सेवा करना उनका कर्तव्य है. लोकतंत्र में नियम नागरिकों को सशक्त बनाने के लिए होते हैं, न कि उन्हें अपमानित करने के लिए. इस भयानक घटना ने पूरे ओडिशा में जनभावनाओं को ठेस पहुंचाई है और न्यूयॉर्क पोस्ट, बीबीसी जैसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी ध्यान अपनी तरफ खींचा है.’



Post Comment