फिर खलनायक बनने के लिए तैयार हैं Sanjay Dutt, टीजर हुआ रिलीज
Sanjay Dutt: 1993 में रिलीज हुई फिल्म खलनायक में संजय दत्त ने बल्लू का आइकॉनिक किरदार निभाया था. अब वो एक बार फिर इस कैरेक्टर में बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. एक्टर ने खलनायक रिटर्न्स की घोषणा की है. संजय दत्त ने मुंबई में एक इवेंट के दौरान बताया कि उनकी कंपनी डाइमेंशन मोशन पिक्चर्स और प्रोड्यूसर अक्षा कंबोज की कंपनी एस्पेक्ट एंटरटेनमेंट ने फिल्ममेकर सुभाष घई और उनकी कंपनी मुक्ता आर्ट्स से इस आइकॉनिक एक्शन क्राइम फिल्म के दूसरे पार्ट के राइट्स को खरीदा है.
आपको बता दें 1993 में रिलीज हुई खलनायक में संजय दत्त के संग माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ अहम भूमिका में नजर आए थे. इवेंट के दौरान खलनायक रिटर्न्स का एक छोटा सा टीजर रिलीज किया गया. पीटीआई के अनुसार इस फिल्म में संजय दत्त अपने आइकॉनिक कैरेक्टर बल्लू को एक नए, रफ-टफ अंदाज में निभाते हुए नजर आएंगे. इवेंट के दौरान संजय दत्त ने खलनायक के डायरेक्टर सुभाष घई का शुक्रिया अदा दिया. संजय दत्त ने कहा,’खलनायक का सफर बहुत लंबा रहा है औऱ सुभाष जी के बिना ये संभव नहीं था. वो एक लीजेंड हैं और एंटरटेनमेंट की दुनिया के बड़े नाम हैं. वो इस खलनायक का भी हिस्सा रहेंगे.’
संजय दत्त ने बताया कि उन्हें खलनायक के सीक्वल का आइडिया 1993 मुंबई ब्लास्ट केस में जेल की सजा काटने के दौरान आया था. एक्टर ने कहा,’जेल में मैंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वो इसे देखना चाहेंगे. करीब 4,000 कैदियों ने कहा कि वो जरूर देखेंगे. फिर सभी से मैंने इस पर एक-एक पेज लिखने को कहा. उन 4,000 पेज को पढ़ने में मुझे काफी समय लगा. जब मैं पैरोल पर बाहर आया, तो मैंने सुभाष सर से इसे देखने के लिए कहा. उसके बाद उन्होंने कहा कि इस पर फिल्म बननी चाहिए.’ सुभाष घई ने भी इवेंट के दौरान सीक्वल के आइडिया की तारीफ की. उन्होंने कहा,’ये संजू और मान्यता की इच्छा और जुनून था कि इसे बनाया जाए. मुझे पूरा भरोसा है कि ये पहले से बेहतर होगी. मैं हमेशा हर तरह की हेल्प करने के लिए तैयार हूं.’



Post Comment