मिर्जापुर सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत, कैबिनेट मंत्री नंदी ने जताया दु:ख
मिर्जापुर: जिले में बुधवार रात सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। हादसा देर रात मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियां आगे चल रहे एक ट्रॉले से जा टकरा गईं। रफ्तार तेज होने की वजह से टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर अलग हो गई। तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई। जबकि, स्विफ्ट कार ट्रक और ट्राले के बीच में फंस गई। आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार नौ लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इसमें एक ही परिवार के आठ लोग और एक ड्राइवर था। करीब ढाई घंटे तक बोलेरो धू-धू कर जलती रही। मौके पर चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोग मदद के लिए आए, लेकिन आग तेज होने की वजह से कोई पास नहीं जा पाया। लोग अंदर ही फंसे रहे। बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। शव इतनी बुरी तरह से जल गए थे कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया। परिवार मैहर से आठ साल के बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था। इसके अलावा स्विफ्ट कार के ड्राइवर और ट्रॉले के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया, बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना के नरैना गांव (मिर्जापुर) के रहने वाले थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने से लग रहा है।
कैबिनेट मंत्री नंदी ने जताया दु:ख
वहीं, मिर्जापुर पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भीषण सड़क हादसे पर दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। इस दौरान मंत्री नंदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के न्याय और भागीदारी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को न केवल अधिकार दिए हैं, बल्कि उन्हें शासन में स्वाभाविक भागीदारी भी सुनिश्चित की है।



Post Comment