बरेली: एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-7 के सातवें दिन मंगलवार को 13वां और 14वां मैच खेला गया। 13वें मैच में हांडा पब्लिक स्कूल को 5 रन से पराजित कर सोबती पब्लिक स्कूल ने जीत हासिल की। इस मैच में नाबाद 65 रन बनाने और एक विकेट लेने वाले सोबती के काजी हमजा मैन ऑफ मैच बने। 14वें मैच में राधा माधव पब्लिक स्कूल (आरएमपीएस) को 35 रन से हराकर बासु बरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश हासिल किया। इस मैच में 45 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 74 रन बनाने वाले बासु बरल के कप्तान शिव प्रताप शुक्ला तो मैन ऑफ द मैच चुना गया।
बरेली क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सेवन के सातवें दिन मंगलवार को ग्रुप- बी की टीमों हांडा पब्लिक स्कूल और मैच 5 की विजेता सोबती पब्लिक स्कूल के बीच टूर्नामेंट का 13वां मैच सुबह आठ बजे आरंभ हुआ। सोबती के कप्तान सृजन शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन काजी हमजा को छोड़ कर उनका कोई भी खिलाड़ी हांडा पब्लिक स्कूल के गेंदबाजों के आगे नहीं टिक पाया।
काजी हमजा बने मैन ऑफ द मैच
अकेले काजी हमजा ने बल्लेबाजी की कमान संभाली और 65 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौकों की मदद से 65 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। हमजा काजी (65 रन, 65 गेंद, 11 चौके) के बाद सोबती के स्कोर में अतिरिक्त के रूप में मिले 17 रनों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 97 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। लक्ष्य के लिए कम स्कोर का पीछा करने उतरी हांडा पब्लिक स्कूल की टीम के बल्लेबाज भी सोबती के गेंदबाजों के आगे नतमस्तक हो गए। तपस्वी मिश्रा (31 रन, 31 गेंद, 3 चौके, 2 छक्के) और दिव्यांश गंगवार (10 रन, 22 गेंद) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। हांडा पब्लिक स्कूल को अतिरिक्त के रूप में 25 रनों का तोहफा भी मिला। इसके बाद भी पूरी टीम 17.3 ओवर में 92 रन बना कर पवेलियन लौट गई। नतीजा सोबती पब्लिक स्कूल ने 5 रन से मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों टीमों की ओर से एकमात्र अर्धशतक के रूप में 65 रन बनाने वाले काजी हमजा को मैन आफ द मैच चुना गया।

टूर्नामेंट का 14वां मैच ग्रुप- सी की टीम राधा माधव पब्लिक स्कूल (आरएमपीएस) और मैच 06 के विजेता बासु बरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच दोपहर 12.00 बजे आरंभ हुआ। बासु बरल के कप्तान शिव प्रताप शुक्ला ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने कप्तान शिव प्रताप शुक्ला (74 रन, 45 गेंद, 13 चौके), राहुल (53 रन, 35 गेंद, 9 चौके) की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। इसमें अतिरिक्त के रूप में मिले 32 रनों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने जीता मैच
जवाब में राधा माधव पब्लिक स्कूल की टीम 18.3 ओवर में 140 रन बना कर पवेलियन लौट गई। नतीजा बासु बरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने 35 रन से जीत हासिल की। राधा माधव का स्कोर 140 तक पहुंचाने में राम शर्मा (36 रन, 29 गेंद, 4 चौके), कप्तान अमन ठाकुर (26 रन, 12 गेंद, 5 चौके) और अतिरिक्त के रूप में मिले 32 रनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के ऑर्गनाइजिंग कमेटी के प्रेसिडेंट डॉ. प्रभाकर गुप्ता, ऑर्गनाइजिंग कमेटी के सेक्रेटरी डॉ. शोभित सक्सेना और डिप्टी सेक्रेटरी इंजीनियर निपुन पांडेय ने मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नॉक आउट मैच के बाद क्वार्टर फाइनल मैच में पहुंचने वाली टीमों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।

22 और 23 अप्रैल को होने वाले इन चारों क्वार्टर फाइनल में एसआर इंटरनेशनल, नेशनल पब्लिक स्कूल, गिरीश प्रसाद मेमोरियल (जीपीएम), विद्या वर्ल्ड, जमुना प्रसाद मेमोरियल (जेपीएम), सोबती पब्लिक स्कूल, बासुबरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और बेदी इंटरनेशनल की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं। एसआर इंटरनेशनल और नेशनल पब्लिक स्कूल के बीच पहला क्वार्टर फाइनल और जीपीएम और विद्या वर्ल्ड की टीम के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। जमुना प्रसाद मेमोरियल (जेपीएम) स्कूल और सोबती पब्लिक स्कूल के बीच तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच और बासुबरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और बेदी इंटरनेशनल की टीमों के बीच चौथा क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में 22 अप्रैल के मैच
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार (22 अप्रैल) को पहले क्वार्टर फाइनल में सुबह आठ बजे एसआर इंटरनेशनल और नेशनल पब्लिक स्कूल के बीच और दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में 12 बजे जीपीएम और विद्या वर्ल्ड की टीम के बीच मैच खेला जाएगा।