उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में भ्रष्‍टाचार और लापरवाही पर डीएम का सख्‍त एक्‍शन, खतौनी घोटाले में कानूनगो सस्‍पेंड

बरेली में भ्रष्‍टाचार और लापरवाही पर डीएम का सख्‍त एक्‍शन, खतौनी घोटाले में कानूनगो सस्‍पेंड

बरेली: फरीदपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जन शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की है। खतौनी में गलत अंश निर्धारण के मामले में कानूनगो ताहिर अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भूमाफिया घोषित कर गुंडा एक्ट में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 71 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण किया गया। किसान कृष्णपाल गंगवार की शिकायत पर जांच में पाया गया कि कानूनगो ताहिर अली ने खतौनी में गलत अंश निर्धारण किया था। मामले की पुष्टि होते ही डीएम ने बिना देरी के कानूनगो को निलंबित कर दिया। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों की अधिक संख्या पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले तहसील दिवस तक सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

100 बीघा जमीन पर कब्जा, माफिया पर शिकंजा

नदिया कल्याणपुर गांव में ग्राम समाज की करीब 100 बीघा जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया। शिकायत पर डीएम ने फरीदपुर पुलिस और तहसील प्रशासन को फटकार लगाई और कब्जा करने वाले व्यक्ति को भूमाफिया घोषित करते हुए उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान सभागार में चार बार बिजली जाने से जनसुनवाई प्रभावित हुई। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके पर तलब किया। जनरेटर चलने के बावजूद बार-बार बिजली गुल होने पर उन्होंने लापरवाही पर सख्त आपत्ति दर्ज कराई।

डीएम अविनाश सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी फरीदपुर शीशपाल को भी फटकार लगाई। शाहपुर बनियान गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में वरिष्ठ सहायक अध्यापक अनुज कुमार को नियमानुसार प्रभारी प्रधानाध्यापक का चार्ज न दिलाने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्‍होंने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *