- आंबेडकर प्रतिमा पर अखिलेश यादव ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, भाजपा पर किया कटाक्ष
Ambedkar Jayanti: संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को प्रदेशभर में धूम-धाम से मनाया जा रहा है। बीजेपी सरकार द्वारा सामाजिक न्याय, जागरुकता और जनसंपर्क के व्यापक अभियान के रूप में आंबेडकर जयंती मनाई जा रही है। वहीं, विपक्ष भी इस मौके पर पीछे नहीं हट रहा है। आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजधानी के अटल चौक (हजरतगंज) स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पार्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने साफ़ कहा कि हमारा संविधान सम्मान और अधिकारों का आधार है। बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा संविधान बदलने की मंशा रखती है। संविधान कागज नहीं, लोहे की तलवार है। यह न्याय और सम्मान दिलाने वाला है।
अखिलेश यादव ने इस दौरान नोएडा मामले पर बोलते हुए कहा, वहां जो में हुआ, वह सरकार की नाकामी की वजह से हुआ है। इनकी इंटेलिजेंस फेल हुई। सरकार को जानकारी थी, लेकिन उन्होंने होने दिया। इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि 2027 में बीजेपी हटने वाली है। हम सब मिलकर बाबा साहब के संविधान से समाज की स्थापना करने का काम करेंगे। अखिलेश ने कहा- मुख्यमंत्री से बड़ा झूठ बोलने वाला कोई संत नहीं हुआ। यह हम नहीं बहुत सारे लोग कहते हैं। यह नकली संत हैं। इन्हें संविधान से कोई लेना-देना नहीं है।
#WATCH लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "आज हम सब बाबा साहब बी.आर. अंबेडकर को याद कर रहे हैं…सामाजिक न्याय की लड़ाई और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए हम लगातार संघर्ष करते रहेंगे…बाबा साहब बी.आर. अंबेडकर का संविधान केवल कागज नहीं है, वो लोहे की तलवार है जो समय-समय… https://t.co/4l3F4gg3C2 pic.twitter.com/6nyL83pHIv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 14, 2026
हम सबको मिलकर भाजपा को हराना है, हटाना है
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हम सबको मिलकर भाजपा को हराना भी है और हटाना भी है। बाबा साहब का संविधान केवल कागज नहीं है। लोहे की तलवार है, जो समय-समय पर हमें सम्मान दिलाने का कार्य करती हैं। संविधान हमारे दिल में है। संजीवनी है। हमें न्याय दिलाता है। संविधान आगे बढ़ने का मौका देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकारों में सबसे ज्यादा बाबा साहब की प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। इनकी साजिश और षड्यंत्र से अभी भी दलित और पिछड़ों के खिलाफ खासकर पीडीए वर्ग के खिलाफ भेदभाव हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा सामाजिक न्याय राज के लिए हमें सालों से लगे हैं। हम लगातार इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। सुना था कि लोकसभा के समय पर भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने कहा था कि 400 से अधिक सीट जीतेंगे और संविधान बदल देंगे, लेकिन हम धन्यवाद देंगे उत्तर प्रदेश की जनता को, जिन्होंने संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान करके संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम किया।
शोषितों, वंचितों और गरीबों को दिलाएंगे सम्मान
कार्यक्रम में मौजूद सपा सांसद आरके चौधरी ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान लिखकर संघर्ष करके देश में बहुत बड़ा बदलाव किया। बाबा साहब के सपनों का भारत बनाना है जिसमें भेदभाव न हो। भाजपा वाले बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को नहीं मानते, अगर यह लोग बाबा साहब को मानते तो आज देश बहुत मजबूत होता। भाजपा वाले बाबा साहब से कोसों दूर है। उन्होंने कहा, जो समाज पिछड़ा है, कमजोर है, हम उसको आगे बढ़ाएंगे, पूरा सम्मान देंगे। वहीं सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है। हम पीडीए के लोग अखिलेश यादव के नेतृत्व में शोषितों, वंचितों और गरीबों के लिए काम करेंगे और उन्हें सम्मान दिलाएंगे।