बरेली: शहर के नवाबगंज थाने में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह को गलत व्यवहार के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के निर्देश पर की गई, जिससे विभाग में साफ संदेश गया है कि गलत व्यवहार पर तत्काल कार्रवाई होगी।
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद बिना किसी देरी के निलंबन की कार्रवाई की गई।
पूरे मामले के विभागीय जांच के आदेश
इस कार्रवाई के बाद पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में चर्चा का माहौल है। कई पुलिसकर्मी इसे विभागीय अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय मान रहे हैं। यह मामला केवल निलंबन तक सीमित नहीं है। एसएसपी ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या इस मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की भी कोई भूमिका या लापरवाही रही है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा।
पुलिस विभाग की छवि को लेकर हाल ही में उठे सवालों के बीच यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एसएसपी अनुराग आर्य पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि “पुलिस का व्यवहार ही उसकी पहचान है।” उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।