उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, मनोरंजन, राजनीति

नहीं रहीं आशा भोसले, संगीत से लेकर राजनीतिक जगत तक की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

नहीं रहीं आशा भोसले, संगीत से लेकर राजनीतिक जगत तक की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्‍ली: फिल्‍म जगत की मशहूर गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। आज दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें शनिवार शाम को यहां भर्ती किया गया था। आशा भोसले का पार्थिव शरीर मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से उनके घर पहुंच गया। लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचने लगे हैं।

ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल के डॉ. प्रतीत समदानी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि आशा भोसले को कई मेडिकल समस्याएं थीं और मल्टी-ऑर्गन फेल्योर यानी कई अंग फेल होने के कारण उनका निधन हुआ। वहीं, आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने बताया कि जो लोग अंतिम दर्शन करना चाहते हैं, वे कल सुबह 11 बजे उनके घर आ सकते हैं। अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

आशा भोसले को किस-किस ने दी श्रद्धांजलि

हेमा मालिनी बोलीं– आशा ताई की कमी, कभी पूरी नहीं हो सकती

हेमा मालिनी ने आशा भोसले के निधन पर कहा, आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं, इस बात पर यकीन करना मुश्किल है। वह इतनी जीवंत थीं और अपने गीतों में जो ऊर्जा और भाव लाती थीं, उसने हमें हमेशा प्रभावित किया। यह मेरे लिए और भी भावुक पल है क्योंकि मेरा उनसे खास रिश्ता रहा है। उन्होंने मेरी कई फिल्मों के गीतों को अपनी अनोखी आवाज और शैली से लोकप्रिय बनाया।

उन्‍होंने कहा कि लता जी और आशा जी दोनों के साथ मेरा बहुत खास संबंध रहा है, जिन्होंने मेरे फिल्मी करियर में अहम योगदान दिया। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

अनुपम खेर बोले– आशा जी आपकी आवाज हमेशा गूंजती रहेगी

अनुपम खेर ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘सात दशकों से भी ज्यादा समय तक वह सिर्फ संगीत जगत का हिस्सा नहीं रहीं, वह खुद एक युग थीं। उनकी आवाज पीढ़ियों, भाषाओं और भावनाओं के पार जाती रही। चुलबुले गीतों से लेकर दर्द भरी गजलों तक, हर अंदाज में उन्होंने हर सुर को अपना बना लिया, लेकिन संगीत से परे, जो चीज उन्हें असाधारण बनाती थी, वह था उनका जज्बा, उनका आशावाद और जिंदगी को लेकर उनकी जिज्ञासा।

उन्होंने खुद को बार-बार नए रूप में ढाला और हर बार और भी बेहतर बनकर उभरीं। उन्होंने सिर्फ संगीतकारों को ही नहीं, बल्कि हर इंसान को प्रेरित किया, जुनून के साथ जीने के लिए, प्रासंगिक बने रहने के लिए और जिंदगी को पूरे दिल से जीने के लिए। उनकी आंखों की चमक, मुस्कान की शरारत और उनकी ऊर्जा हमेशा यह सिखाती रही कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और जिंदगी को अंत तक सेलिब्रेट करना चाहिए। धन्यवाद आशा जी, आपके संगीत, यादों और हमें जिंदगी जीने का तरीका सिखाने के लिए। आप भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी आवाज हमेशा गूंजती रहेगी। ओम शांति।’

जैकी श्रॉफ बोले– आशा जी हमेशा मेरे लिए अमर रहेंगी

एक्टर जैकी श्रॉफ ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘आई (आशा जी) मेरे भीतर इतनी गहराई से बसी हुई हैं कि मुझे कभी महसूस नहीं होगा कि वह हमारे बीच नहीं हैं। वह हमेशा मेरे लिए अमर रहेंगी।’

शाहरुख खान बोले– आशा ताई को बहुत मिस करूंगा

शाहरुख खान ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘आशा ताई के निधन की खबर बेहद दुखद है। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के स्तंभों में से एक रही है और सदियों तक दुनिया भर में गूंजती रहेगी। वह ऐसी प्रतिभा थीं, जो समय से परे है। उन्होंने हमेशा मुझ पर अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखा, मैं उन्हें बहुत मिस करूंगा। रेस्ट इन पीस आशा ताई। लव यू।’

नहीं रहीं आशा भोसले, संगीत से लेकर राजनीतिक जगत तक की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

कमल हासन ने भी आशा भोसले को याद किया

एक्टर कमल हासन ने आशा भोसले के साथ कुछ तस्वीरों वाला वीडियो शेयर कर एक्स पर लिखा, ‘स्थायी गायिका सखी जागो आशा भोसले।’

गौतम गंभीर बोले– आशा भोसले हमेशा यादों में जीवित रहेंगी

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘आशा भोसले जी के निधन से गहरा दु:ख हुआ है। उनकी शालीनता और बेमिसाल प्रतिभा हमेशा हमारी यादों में जीवित रहेगी।’

मधुर भंडारकर बोले– आशा भोसले का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा

मधुर भंडारकर ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘यह बहुत दुखद है कि आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला और मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत अच्छे से जानता हूं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान बहुत बड़ा है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’

करण जौहर बोले– आशा जी का संगीत हमेशा रहेगा

करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के निधन पर लिखा, ‘यह कहना कि आज हमने एक लीजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा। आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थीं,एक ऐसी आवाज जिसने सिर्फ एक पीढ़ी नहीं बल्कि पूरे सिनेमाई दौर को परिभाषित किया। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनके व्यक्तित्व का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जीवित रहेगा और हम खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि हमें आपका जादू अनुभव करने का मौका मिला। आप शांति और शक्ति के साथ विश्राम करें।’

नहीं रहीं आशा भोसले, संगीत से लेकर राजनीतिक जगत तक की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने बोले– आशा भोसले की आवाज हमेशा गूंजती रहेगी

नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका असाधारण संगीत सफर, जो दशकों तक चला, हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करता रहा और दुनिया भर के अनगिनत दिलों को छू गया। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा संजोकर रखूंगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के साथ हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’

शंकर महादेवन बोले- मैं हमेशा उन्हें मां सरस्वती के समान मानता था

शंकर महादेवन ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘यह हम सभी और भारतीय संगीत के लिए बेहद दुखद दिन है। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि हमारी प्रिय आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं। एक संगीतकार, एक फैन और एक फैमिली फ्रेंड के रूप में मैं अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं। मैं हमेशा उन्हें मां सरस्वती के समान मानता था। आज हर भारतीय का दिल टूट गया है। उनका संगीत तब तक जीवित रहेगा, जब तक मानवता अस्तित्व में है। उनका योगदान शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह हमेशा हमारे बीच रहेंगी, हमारे फोन, टेलीविजन और हर उस मंच पर, जहां संगीत मौजूद है, उनकी आवाज दुनिया भर में गूंजती रहेगी। इस समय हम सभी गहरे शोक और दु:ख में हैं।’

नितिन गडकरी बोले- हमारा रिश्ता बेहद खास था

मंत्री नितिन गडकरी ने आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘आशा ताई और मेरे बीच कई वर्षों से बेहद करीबी संबंध रहे हैं। उन्होंने कई भाषाओं में अनेक गीत गाए, जो आज भी पूरी दुनिया में लोकप्रिय हैं। वह वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध थीं। जिस तरह लता दीदी ने अपने गायन से देश का नाम रोशन किया, उसी तरह आशा ताई ने भी देश को गौरवान्वित किया। उनका निधन उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा आघात है। हम सभी बेहद दुखी हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।’

देवेंद्र फडणवीस बोले- यह हम सभी के लिए बड़ा नुकसान

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘यह पूरे भारत और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए दुख का पल है। वह सबसे बहुमुखी कलाकारों में से एक थीं। संगीत के प्रति उनकी सेवा और मंगेशकर परिवार का योगदान अतुलनीय रहा है। हमने पहले लता दीदी को खोया और आज यह नुकसान देख रहे हैं। हम सभी बहुत दुखी हैं। यह हम सभी के लिए एक बड़ा नुकसान है। हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।’

निधन पर ममता बनर्जी ने दु:ख जताया

ममता बनर्जी ने कहा कि आशा भोसले एक अद्भुत और प्रेरणादायक सिंगर थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक लोगों के दिलों पर राज किया। उन्होंने यह भी कहा कि आशा भोसले ने कई बंगाली गीत भी गाए और बंगाल में भी वह बेहद लोकप्रिय थीं। वर्ष 2018 में उन्हें राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान बंग विभूषण से सम्मानित किया गया था। ममता बनर्जी ने उनके परिवार, संगीत जगत और दुनिया भर में मौजूद उनके करोड़ों प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा: मंत्री आशीष शेलार

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि आज पूरा देश और महाराष्ट्र एक युग के अंत पर शोक मना रहा है। उनके कार्य और उनके संगीत ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को खुशी दी है। कल सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोअर परेल स्थित उनके निवास पर लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *