बरेली: श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 के सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल मैच में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (MSCA) ने बजाज टेक्सटाइल अमरोहा को 34 रन से हरा कर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में एसएनएस बुलंदशहर को 73 रन से मात देकर आईके नेक्स्ट जनरेशन की टीम फाइनल में पहुंची। एमडीसीए के लिए 18 गेंदों पर 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 43 रन बनाने के साथ 19 रन देकर तीन विकेट हासिल करने वाले निर्देश बैसोया ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए। दूसरे सेमीफाइनल में 26 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 55 रन बनाने वाले आईके नेक्स्ट जनरेशन के कप्तान शिवम शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
इससे पहले दिल थामने वाले चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में एसएनएस बुलंदशहर ने एसआरएमएस क्रिकेट अकेडमी को तीन रन से हराकर बड़ा उलटफेरे किया। जीत के लिए 243 रन का पीछा करने उतरी एसआरएमएस क्रिकेट अकेडमी 6 विकेट पर 240 रन ही बना सकी। इस मैच में एसएनएस बुलंदशहर के ऑलराउंडर अनुभव सिंह ने 14 छक्कों, 13 चौकों की मदद से 168 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी तीन विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने। एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति और आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने ‘मैन ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी प्रदान की।
एमडीसीए का फाइनल में प्रवेश
सीजन-6 के पहले सेमीफाइनल में बजाज टेक्सटाइल अमरोहा के कप्तान शोएब सिद्दीकी ने टॉस जीत कर एमडीसीए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। एमसीडीए की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए। इसमें हर्ष त्यागी (55 रन, 26 गेंद, 6 चौके, 4 छक्का), समीर चौधरी (18 रन, 11 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का), ऋतुराज शर्मा (76 रन, 37 गेंद, 8 चौके, 4 छक्के) और प्रियम गर्ग (24 रन, 13 गेंद, 2 चौके, 1 छक्का) और निर्देश बैसोया (43 रन, 18 गेंद, 2 चौके, 4 छक्का) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बजाज टेक्सटाइल अमरोहा की टीम एमडीसीए के गेंदबाजों के आगे निर्धारित ओवर में 209 रन ही बना सकी। एमडीसीए ने 34 रन से मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश किया।

शनिवार शाम को दूसरा सेमीफाइनल मैच दूधिया रोशनी में आईके नेक्स्ट जनरल और एसएनएस बुलंदशहर के बीच खेला गया। आईके नेक्स्ट के कप्तान शिवम शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 8 विकेट खोकर 212 बनाए। इसमें आर्यन जुआल (26 रन, 14 गेंद, 1 चौका, 3 छक्के), अक्षु बाजवा (54 रन, 25 गेंद, 2 चौका, 5 छक्के) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस स्कोर में अतिरिक्त के रूप में मिले 18 रन ने भी स्कोर को दो सौ पार करने में सहयोग दिया। एसएनएस बुलंदशहर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में 15 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। दस ओवर में एसएनएस बुलंदशहर की टीम के पांच बल्लेबाज 62 रन पर पैवेलियन लौट चुके थे। इससे बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ता गया और बढ़ते रनरेट को संभालने की कोशिश में बल्लेबाज गलतियां करते रहे।
आईके नेक्स्ट जनरेशन और एमडीसीए के बीच फाइनल
इससे निर्धारित 20 ओवर में टीम 8 विकेट पर 139 रन ही बना सकी। इसमें शिवम (13 रन, 7 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का), दीपक (31 रन, 23 गेंद, 2 चौके, 2 छक्के), मुहम्मद हमजा (50 रन, 43 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) और लवकेश चौधरी (11 रन, 14 गेंद, 1 चौका) ही आईके नेक्स्ट जनरेशन की गेंदबाजी आक्रमण का कुछ हद तक मुकाबला कर सके। नतीजा आईके नेक्स्ट ने 73 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित किया। दूसरे सेमीफाइनल में 26 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 55 रन बनाने वाले आईके नेक्स्ट जनरेशन के कप्तान शिवम शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। रविवार को होने वाले फाइनल मैच में आईके नेक्स्ट जनरेशन का मुकाबला एमडीसीए की टीम से होगा।

इस अवसर पर एसआरएमएस सीईटी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता, एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएस बुटोला, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आरपी सिंह, टूर्नामेंट आर्गनाइजिंग कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
रविवार शाम खेला जाएगा फाइनल मैच
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 आयोजन समिति के सचिव डॉ. नितिन सक्सेना ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार शाम पांच बजे आरंभ होगा। इसमें मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (MDCA) और एसएनएस बुलंदशहर की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उप विजेता टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ को 11 हजार रुपये, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को भी 5100- 5100 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।