UP Weather: राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। एक दिन में ही प्रदेश में 2-4 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अब गर्मी का दौर शुरू होगा। एक सप्ताह के भीतर ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। सोमवार से हवा की रफ्तार धीमी होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी से आम जनजीवन प्रभावित होगा। तीन-चार दिन पहले तक बारिश-आंधी की वजह से प्रदेश भर में मौसम काफी खुशगवार हो गया था।
धीरे–धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू
तापमान में 10 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई थी। अप्रैल के महीने में नवंबर जैसा अहसास कराने के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में 2-4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब यह बढ़ोतरी लगातार जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की वजह से लोगों ने राहत महसूस की। कुछ जगह धूल भरी आंधी भी चली। उन्होंने बताया कि अब धीरे-धीरे हवा की रफ्तार कम होगी और तापमान में वृद्धि का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।