Bareilly: श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स का 10वां और 11वां मैच बारिश से बाधित हुआ। आईनेक्स्ट जनरेशन और तेजस्वी स्पोर्ट्स मेरठ के बीच खेला गया 10वां मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा। जिससे दोनों टीमों को 1-1 प्वाइंट दिया गया। 11वें मुकाबले में एसआरएमएस किंग्स ने मनीष शर्मा स्पोर्ट्स फेडरेशन (एमएसएसएफ) दिल्ली को 03 विकेट से पराजित किया। इसमें शानदार अर्धशतक बनाने वाले एसआरएमएस किंग्स के बल्लेबाज पंकज को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्थित एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार शाम श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स का 10वां मैच आईनेक्स्ट जनरेशन और तेजस्वी स्पोर्ट्स मेरठ के बीच खेला गया। आईनेक्स्ट जनरेशन के खिलाड़ियों ने तेजी से खेलना शुरू किया। लेकिन तेरहवें ओवर में बारिश ने खेल में बाधा डाली और मैच रोक देना पड़ा। मैच के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद मनी जिंदल ने फेकी ही थी, तेज आंधी के साथ बारिश ने मैच में खलल डाला और काफी देर तक मैच शुरू न हो पाने से अंपायरों ने दोनों टीमों के बीच 1-1 प्वाइंट बांट दिया।

एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में संचालित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स में बुधवार को 11वां मैच ग्रुप- सी की मनीष शर्मा स्पोर्ट्स फेडरेशन (एमएसएसएफ) दिल्ली और एसआरएमएस किंग्स के बीच दोपहर दो बजे खेला गया। एमएसएसएफ के कप्तान ध्रुव मेहरोत्रा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम ने 08 विकेट खोकर 20 ओवर में 122 रन बनाए। जवाब में एसआरएमएस किंग्स ने तेजी से खेलना शुरू किया और एमएसएसएफ के गेंदबाज बराबार उन्हें टक्कर देते रहे। नतीजा मैच के अंतिम ओवर में निकला और एसआरएमएस किंग्स ने 124 रन बना कर तीन विकेट से मैच जीत लिया। 08 चौके और एक छक्के की मदद से शानदार अर्धशतक बनाने वाले पंकज को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स आयोजन समिति के सचिव डॉ. नितिन सक्सेना ने बताया कि क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली 07 टीमों की तस्वीर साफ हो गई है।
नौ अप्रैल को पहला क्वार्टर फाइनल आईके कलेक्शन बरेली और बजाज टेक्सटाइल अमरोहा के बीच होगा। तीसरा और चौथा क्वार्टर फाइनल 10 अप्रैल को खेला जाएगा। तीसरे क्वार्टर फाइनल में एसआरएमएस किंग्स और आईके नेक्स्ट जनरल के बीच खेला जाएगा। चौथे क्वार्टर फाइनल में एसएनएस बुलंदशहर का मुकाबला एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के बीच होगा। दूसरे क्वार्टर फाइनल में एमडीसीए मेरठ की टीम खेलेगी।