उत्तर प्रदेश, राजनीति

कानपुर में सेक्स रैकेट के आरोपी संग पार्टी करने वाले सिपाही सस्पेंड, केक काटकर किया था डांस

कानपुर में सेक्स रैकेट के आरोपी संग पार्टी करने वाले सिपाही सस्पेंड, केक काटकर किया था डांस

कानपुर: सेक्स रैकेट सरगना रोहित वर्मा से दोस्ती निभाने वाले दो कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। दोनों का रोहित के साथ केक काटते और पार्टी करते वीडियो सामने आया तो मंगलवार शाम डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने सस्पेंड कर जांच बैठा दी। सस्पेंड किए गए कॉन्स्टेबल सेन पश्चिम पारा में तैनात दीपक चौधरी और धर्मेंद्र सिंह हैं।

वहीं, सरगना का एक और वीडियो वायरल है, जिसमें वह साथी साहिल उर्फ मुसीबत के साथ एक किशोर को डंडों-जूतों से पीट रहा, फिर उसके ऊपर पेशाब कर रहा है। साहिल उर्फ मुसीबत की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं। पीड़ित किशोर छेदी सिंह का पुरवा का रहने वाला है।

डीसीपी बोले– वीडियो पुराना है

रोहित वर्मा को पुलिस ने कल्याणपुर से शनिवार को ही पकड़ा था। वीडियो में रोहित के जन्मदिन की पार्टी चल रही। इसमें कॉन्स्टेबल दीपक और धर्मेंद्र उसके साथ जश्न मनाते, तालियां बजाते दिख रहे हैं। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने डीसीपी साउथ को कॉन्स्टेबल की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। तब दोनों कॉन्स्टेबल बर्रा थाने में तैनात थे। फिलहाल दोनों को सस्पेंड कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, छेदी सिंह का पुरवा निवासी किशोर को पीटने वाले साहिल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

कल्याणपुर में 03 अप्रैल को सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया था। ये कार्रवाई पश्चिम बंगाल की युवती की शिकायत पर हुई थी। नौकरी दिलाने के नाम पर युवती को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में धकेला गया। इसी शिकायत पर पुलिस ने 03 अप्रैल को होटलों में छापेमारी की। करीब 20 होटलों में युवतियों को भेजे जाने के सबूत मिले। पुलिस ने आरोपी रोहित वर्मा को अरेस्ट कर जेल भेजा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *