उत्तर प्रदेश, राजनीति

आज कोहाड़ापीर से धर्मकांटा तक चलेगा बुलडोजर, कई मकान और दुकानों पर होगी कार्रवाई

आज कोहाड़ापीर से धर्मकांटा तक चलेगा बुलडोजर, कई मकान और दुकानों पर होगी कार्रवाई

बरेली: शहर के कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक बुधवार यानी आज एक बार फिर बुलडोजर चलेगा। नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ बचे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए मैदान में उतर रही है। इस अभियान की जद में लगभग 40 और दुकान-मकान आ रहे हैं, जिन्हें हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

इससे पहले मंगलवार को भी प्रशासन की टीम ने इसी रोड पर कार्रवाई की थी। उस दौरान करीब 40 दुकानें और पांच मकान ढहा दिए गए थे। इसके अलावा एक पेट्रोल पंप, मस्जिद और केडीएम इंटर कॉलेज के करीब 5-5 मीटर के अवैध हिस्से को भी हटाया गया। बुधवार को नगर निगम उन 80 चिन्हित स्थानों में से बचे हुए हिस्सों पर कार्रवाई करेगा, जिन्हें पहले ही लाल निशान लगाकर चेतावनी दी जा चुकी है।

जाम से राहत के लिए कार्रवाई: नगर आयुक्त

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि कोहाड़ापीर चौराहे पर दिनभर जाम की समस्या रहती है। कई लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें बना ली थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ी होने से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी। फरवरी में ही नोटिस जारी कर कागजात मांगे गए थे और स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया था।

मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (CM-GRID) योजना के तहत सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें बिजली व पाइपलाइन के लिए यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, एलईडी लाइट, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी।

2.4 किमी सड़क, 47 करोड़ का बजट

कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक 2.4 किलोमीटर लंबी सड़क को 24 मीटर (करीब 80 फीट) चौड़ा किया जाएगा। अभी सड़क की चौड़ाई कई स्थानों पर 12 से 18 मीटर ही है। अतिक्रमण हटाने के बाद इसे आधुनिक बनाया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *