-
हर किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए रजिस्ट्री प्रक्रिया में लाएं तेजी, बढ़ायें जागरूकता
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री को सभी कृषि एवं विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि पंजीकृत किसानों को गेहूँ क्रय, दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खरीद के साथ-साथ बीज, उर्वरक, कृषि रक्षा रसायन, कृषि यंत्रों एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से प्राप्त हो सके।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को अभियान के रूप में तेजी से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष कैम्प आयोजित कर किसानों को रजिस्ट्री से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाए। इस कार्य में राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी कृषकों, चाहे उनकी जोत छोटी हो या बड़ी को फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि वे सभी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्येक पात्र किसान इस प्रक्रिया से जुड़ सके और उसे योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।