UP News: मौसम का मिजाज आए दिन चौंका रहा है। बारिश के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से सात मौसम में फिर परिवर्तन की आशंका व्यक्त की जा रही है। वहीं बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि एवं आकाशीय बिजली के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ रही है। इसी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने मौसम की मार से प्रभावित किसानों और मृतक नागरिकों के परिजनों को तत्काल राहत एवं मुआवजा प्रदान कराए जाने की मांग की है। अजय राय ने पत्र में लिखा, प्रदेश में विगत 10-15 दिनों के दौरान ओलावृष्टि, तेज आंधी, असामयिक वर्षा एवं आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी, पश्चिमी, मध्य एवं बुंदेलखंड क्षेत्रों में फसलों के नुकसान के साथ व्यापक जन-हानि की स्थिति उत्पन्न की है। प्रकाशित प्रमाणित रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती हैं कि ओलावृष्टि, तेज आंधी, असामयिक वर्षा एवं आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने पूरे प्रदेश में आपदा का रूप ले लिया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से की ये मांग
पत्र में लिखा है, जमीनी रिपोर्टों के अनुसार, गेहूं, चना, मसूर और सरसों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान के व्यापक प्रभाव की चपेट में सब्जियों, जैसे आलू टमाटर, मटर, गोभी, बैंगन, हरी सब्जियां समेत अनेक नकदी फसलों सहित आम की बौर, अमरूद, केला और पपीते जैसी बागवानी/फल वाली फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से मांग भी की है। उन्होंने लिखा, आपसे आग्रह है कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से प्रदेश के प्रभावित किसानों और नागरिकों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 48 घंटे के भीतर फसलों और मानव जीवन के प्रदेशव्यापी विशेष सर्वेक्षण प्रारंभ कर पूर्ण करके तत्काल प्रभावित किसानों को तत्काल अंतरिम मुआवजा दिया जाए। आकाशीय बिजली से मृतकों के परिजनों को न्यूनतम पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा बीमा कंपनियों को 30 दिन के भीतर भुगतान हेतु बाध्य किया जाए, विलंब पर दंडात्मक कार्रवाई हो।
