-
एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी में श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 जारी
बरेली: श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 के चौथे और पांचवें मुकाबले में रनों की बारिश हुई। चौथे मैच में 22 यार्ड्स पीलीभीत का सामना बजाज टैक्सटाइल अमरोहा से और पांचवें मैच में एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी से हुआ। दोनों मैच में 22 यार्ड्स पीलीभीत के खिलाफ शतक बने। चौथे मैच में 22 यार्ड्स पीलीभीत के खिलाफ बजाज टैक्सटाइल अमरोहा ने शोएब सिद्दीकी के 62 गेंदों पर नाबाद 113 रन की मदद से 254 रन बनाए। तो पांचवें मैच में एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने विश्वेंद्र चौधरी के 67 गेंदों पर नाबाद 123 रन की मदद से 22 यार्ड्स पीलीभीत को जीत के लिए 201 रन का लक्ष्य दिया।
चौथे मैच में तेज हवा के साथ हुई बारिश ने 22 यार्ड्स पीलीभीत को मैच ड्रॉ खेलने पर मजबूर होना पड़ा, जिससे अंपायरों ने 22 यार्ड्स पीलीभीत और बजाज टैक्सटाइल अमरोहा के बीच एक एक अंक बांट दिया। 5वें मैच में एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज भी बारिश की तरह दीवार बन 22 यार्ड्स पीलीभीत के बल्लेबाजों के आगे खड़े हो गए, जिससे 22 यार्ड्स पीलीभीत की टीम 15.2 ओवर में सिर्फ 94 रन बना पाई और एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने 107 रन से मैच अपने नाम किया। 67 गेंदों पर 5 छक्के और 16 चौकों से नाबाद 123 रन बनाने वाले एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के विश्वेंद्र चौधरी को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
आदित्य मूर्ति ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और जीत की बधाई दी। श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्थित एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार शाम श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स का चौथा मैच दूधिया रोशनी में बजाज टैक्सटाइल अमरोहा और 22 यार्ड्स पीलीभीत के बीच खेला गया। 22 यार्ड्स पीलीभीत के कप्तान रिजवान खान ने टॉस जीत कर बजाज टैक्सटाइल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

बिना किसी दबाव के पहले खेलते हुए बजाज टैक्सटाइल ने निर्धारित 20 ओवर में टूर्नामेंट में पहली बार ढाई सौ रनों का आंकड़ा पार करते हुए 254 रन बनाए। इसमें ओपनिंग करने उतरे शोएब सिद्दीकी ने ने 62 गेंदों का सामना करते हुए 5 छक्के और 15 चौकों की मदद से नाबाद 113 रन बनाए। शानू सैनी (15 रन, 9 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का), रितिक अरोरा (16 रन, 12 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का), कप्तान नयन गुप्ता (48 रन, 19 गेंद, 1 चौका, 6 छक्के) और अमन नवाब (18 रन, 6 गेंद, 1 चौका, 2 छक्के) ने भी टीम का स्कोर बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एसआरएमएस कप्तान ने टॉस जीत चुनी बैटिंग
जीत के लिए 254 रनों का पीछा करने उतरी 22 यार्ड्स पीलीभीत टीम ने 4.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 19 बनाए ही थे की तेज आंधी के साथ बारिश ने पिच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। देर तक बारिश के चलते अंपायरों ने मैच को ड्रॉ घोषित किया और दोनों टीमों के बीच एक एक अंक बांट दिया। रविवार दोपहर श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स टूर्नामेंट का 5वां मैच एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और 22 यार्ड्स पीलीभीत के बीच हुआ। एसआरएमएस के कप्तान आदर्श शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजों ने इसे सही साबित किया।
टीम ने 8 विकेट पर निर्धारित 20 ओवर में विश्वेंद्र चौधरी के नाबाद 123 रन की बदौलत 201 रन बनाए। विश्वेंद्र चौधरी ने 67 गेंदों का सामना कर 5 छक्के और 16 चौकों की मदद से नाबाद 123 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके जवाब में 22 यार्ड्स पीलीभीत के बल्लेबाज 15.2 ओवर में सिर्फ 94 रन बना सके। नतीजा एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने 107 रन से मैच में जीत हासिल की। 22 यार्ड्स पीलीभीत की ओर से वीके विवेक (14 रन), कप्तान रिजवान (27 रन) और अर्शी खान (10 रन) ही एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना कर सके और अपने स्कोर को दहाई के अंकों तक पहुंच पाए।
एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से देवांश मूर्ति ने चार विकेट हासिल कर 22 यार्ड्स की बल्लेबाजी को बिखेरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नाबाद 123 रन बनाने वाले विश्वेंद्र चौधरी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विश्वेंद्र चौधरी को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी डा.सोवन मोहंती से प्रदान की। इस मौके पर एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी और बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक आदित्य मूर्ति, श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी- 20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स आयोजन समिति के सचिव डा.नितिन सक्सेना और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
टूर्नामेंट में 06 अप्रैल के मैच
एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में संचालित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी- 20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स में सोमवार (06 अप्रैल 2026) को सातवां मैच ग्रुप- सी की टीम मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और एसआरएमएस किंग्स बरेली के बीच दोपहर दो बजे से एवं आठवां मैच छठा मैच ग्रुप- डी की टीम आईके नेक्स्ट जनरेशन बरेली और जीका इलाहाबाद के बीच शाम 6.30 बजे से।