नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी/कोलकाता/चेन्नई: कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी रविवार (05 अप्रैल) को बिश्वनाथ चारियाली में चुनावी रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि असम के हिमंत भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, वे सिर्फ नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिमंत को माफी मांगने पर भी नहीं बख्शा जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि वे इस तरह इसलिए बात करते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ उन्हें जेल में डालने वाले हैं। तब उन्हें असम की जनता और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगनी पड़ेगी। कांग्रेस की विचारधारा ज़ुबीन गर्ग जैसी है, जिन्होंने असम के लोगों को एकजुट करने का काम किया।
भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत
इधर, पीएम नरेंद्र मोदी भी आज कूच बिहार में रैली के साथ पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। वे दोपहर में रास मेला मैदान में आयोजित ‘बिजॉय संकल्प सभा’ को संबोधित करेंगे। रैली में मोदी ‘विकसित बंगाल’ का विजन पेश करेंगे और शासन, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर TMC सरकार को घेर सकते हैं। यह विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में उनकी पहली चुनावी रैली होगी।
14 मार्च को राज्य का दौरा किया था
पीएम मोदी ने आखिरी बार 14 मार्च को राज्य का दौरा किया था, जहां उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली को संबोधित किया था और करीब ₹18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था।
राहुल गांधी की स्पीच की बड़ी बातें:
- डोनाल्ड ट्रंप, नरेंद्र मोदी को कंट्रोल करते हैं, और नरेंद्र मोदी और अमित शाह आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल करते हैं, असम दिल्ली से चलता है। हिमंता ने भ्रष्टाचार में अपने परिवार को शामिल करके एक बड़ी गलती भी की है, अब उनके परिवार पर भी आरोप लगेंगे।
- हम साफ तौर पर कह रहे हैं कि हम असम के 6 समुदायों को SC/ST का दर्जा देंगे। हमने अपने घोषणापत्र में यह भी जिक्र किया है कि हम चाय बागान के मजदूरों को हर दिन 450 रुपए देंगे।
- जैसे ही हम असम में सरकार बनाएंगे, हम असम के लिए लिए गए छह फ़ैसलों को लागू करेंगे। हर महिला के बैंक खाते में बिना किसी शर्त के हर महीने नकद राशि भेजी जाएगी।
- जो लोग अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, उन्हें 50 हजार दिए जाएंगे। 100 दिनों के भीतर, ज़ुबीन गर्ग मामले के आरोपियों को सजा देंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तीन-भाषा नीति विवाद पर BJP बोली- स्टालिन देश की एकता को कमजोर कर रहे
बीजेपी नेता CR केसवन ने रविवार को तमिलनाडु के MK स्टालिन पर CBSE के तीन-भाषा पाठ्यक्रम पर हालिया टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा और इसे “भाषा नीति के बारे में तथ्यों को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश” बताया। केसवन ने स्टालिन पर तमिलनाडु के युवाओं को उनके हकों से वंचित करने और उनके साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
स्टालिन बोले– 2026 के चुनाव का सुपरस्टार DMK का घोषणापत्र है
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि वादे तो कोई भी कर सकता है, लेकिन जनता सिर्फ उनकी पार्टी के वादों पर ही भरोसा करती है। मैंने DMK के मेनिफेस्टो को 2026 के चुनावी मैदान के ‘सुपरस्टार’ के तौर पर पेश किया है। 6 साल से लेकर 60 साल तक, महिलाओं से लेकर पुरुषों तक, युवाओं से लेकर बुज़ुर्गों तक, हर किसी को DMK का चुनावी घोषणापत्र पसंद है। ऐसा कोई हो ही नहीं सकता जिसे यह पसंद न आए।