उत्तर प्रदेश, राजनीति

लखीमपुर में Reel बनाते समय चली गोली, 12वीं के स्टूडेंट की मौत; परिजन बोले- बेटे की हत्या हुई

लखीमपुर में Reel बनाते समय चली गोली, 12वीं के स्टूडेंट की मौत; परिजन बोले- बेटे की हत्या हुई

लखीमपुर: लखीमपुर जिले में तमंचा लेकर रील बनवा रहे 12वीं के छात्र से अचानक गोली चल गई, जो उसके पेट में लगी। वह चिल्लाते हुए गिर गया। उसने दोनों हाथों से घाव को दबाकर खून रोकने का प्रयास किया। हालत बिगड़ते देख साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन छात्र की मौत हो गई।

घटना 30 मार्च, 2026 की है। शुक्रवार को वीडियो सामने आया, जिसमें वह तमंचे में गोली लोड करते और अचानक गोली चलने के बाद गिरते हुए देखा जा सकता है। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की। आरोप लगाया कि उनके बेटे की अपहरण के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने दो नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है।

समझिए पूरा मामला

सुआगाड़ा गांव में अनिल कुमार झा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटा अंश कुमार झा (17 साल) 30 मार्च की शाम 8 बजे दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात अंश ने फोन किया। बेटे ने बताया कि वह अपने एक दोस्त की मां का इलाज कराने के लिए लखनऊ गया है। अगले दिन सुबह उसने फिर फोन कर बताया कि वह लखनऊ से वापस आ रहा है।

31 मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे अंश ने फिर फोन किया और बताया कि उसकी तबीयत खराब है। उसे जनशक्ति अस्पताल, गोला रोड लखीमपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। यहां अंश के दोस्त शुभम कुमार और नितिन सिंह उर्फ मिक्कू सहित अन्य साथी मौजूद थे।

परिजनों ने लगाया ये आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में अंश के दोस्तों और स्टाफ ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी। पूछने पर बताया गया अंश का पटाखों से जल गया है। इस कारण उसका इलाज चल रहा है। 31 मार्च की रात करीब एक बजे डॉक्टरों ने परिजनों को फोन कर अंश की बिगड़ती हालत के बारे में बताया। उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। पिता अनिल कुमार झा अपने बेटे अंश को लखनऊ में राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां एक्स-रे जांच में खुलासा हुआ कि अंश के पेट में गोली लगी थी।

इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। 02 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर सही जानकारी मिल जाती तो बेहतर इलाज से अंश की जान बच सकती थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम कुमार और नितिन सिंह को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

अपहरण, हत्या और साक्ष्य छुपाने का आरोप

अंश के चाचा सुनील कुमार उर्फ सोनू ने आरोप लगाया है कि अंश का अपहरण कर उसकी हत्या की गई। बाद में साक्ष्य छुपाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि इस घटना में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

अंश कुमार झा के दादा देव लखन झा उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड हैं। अंश शहर के धर्मसभा इंटर कॉलेज का छात्र था। उसने कक्षा 11वीं पास करने के बाद इस साल 12वीं में एडमिशन लिया था। बेटे की मौत से मां रेनू झा, भाई वंश झा, दादी रतन माला झा समेत पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस हिरासत में लिए दो दोस्तों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *