Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फिर विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर कई तीखे बयान दिए. डिप्टी सीएम ने कहा कि जिस तरह से देश में राहुल गांधी और यूपी में सपा मुखिया अखिलेश यादव सत्ता से बाहर हैं, उसी वजह से उनमें बौखलाहट देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि ठीक उसी तरह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भी बौखलाई हुई हैं क्योंकि उन्हें यह आभास हो गया है कि अब उनकी सत्ता वापस जा रही है.
#WATCH | Prayagraj: Uttar Pradesh Dy CM Keshav Prasad Maurya says, "Meeting workers is our priority. There are 12 assembly seats in Prayagraj in 2027. We are trying to ensure that the lotus blooms in those seats as well, which we lost last time. He (Akhilesh Yadav) has been… pic.twitter.com/xEfYY9etk2
— ANI (@ANI) April 4, 2026
पश्चिम बंगाल की स्थिति पर सवाल
केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में सत्ता की मलाई खाकर उसे बर्बाद कर दिया. आज स्थिति यह है कि बिहार, जो कभी पिछड़ा माना जाता था, अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल से आगे निकल गया है. उन्होंने यह भी कहा कि एक समय ऐसा था जब पश्चिम बंगाल की तुलना महाराष्ट्र जैसे विकसित राज्यों से की जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. पश्चिम बंगाल देश का सबसे पिछड़ा राज्य बन गया है.
अखिलेश यादव के कार्यकाल पर निशाना
डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में उत्तर प्रदेश का कोई विकास नहीं किया. उन्होंने कहा कि यही कारण था कि 2017 में प्रदेश की जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया. उन्होंने कहा कि बार-बार कोशिशों के बावजूद अखिलेश यादव सत्ता में वापसी नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि जनता समाजवादी पार्टी का चरित्र समझ चुकी है. केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी. उन्होंने कहा कि उस दौर में महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे और प्रदेश में पलायन की स्थिति बन गई थी. उन्होंने कहा कि उस समय यूपी में अराजकता का माहौल था और प्रदेश की पहचान दंगा प्रदेश के रूप में बन गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर राम भक्तों पर अत्याचार की बात की जाए तो सपा सरकार हिंदुओं पर अत्याचार करने वाली सरकार रही है.