उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

बिहार: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, आठ महिलाओं समेत नौ श्रद्धालुओं की मौत

बिहार: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, आठ महिलाओं समेत नौ श्रद्धालुओं की मौत

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार (31 मार्च) को शीतला माता मंदिर में भगदड़ मच गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। इनमें आठ महिलाओं की भीड़ में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष ने अस्पताल में दम तोड़ा। चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार को शीतला अष्टमी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर में पहुंचे थे। वहां मेला भी लगा था।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। दर्शन करने की जल्दी में धक्का-मुक्की मच गई। अफरातफरी के बीच कई लोग भीड़ में दब गए। बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है।

नालंदा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राष्‍ट्रपति हुईं शामिल

आज नालंदा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। उनकी सुरक्षा में आठ जिलों के 2500 जवानों को लगाया गया था, जबकि मंदिर में जुटी 10 हजार की भीड़ के लिए एक भी पुलिस वाले की तैनाती नहीं थी। हादसे के बाद पटना कमिश्नर को बिहार शरीफ भेजा गया है।

सीएम नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं। दीपनगर थाने के SHO राजमणि को सस्पेंड कर दिया गया है। सरकार ने मृतकों के आश्रितों को छह लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। वहीं, केंद्र सरकार ने दो लाख के मुआवजे की घोषणा की है।

हादसे से जुड़ी बड़ी बातें

चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के चलते पटना और आसपास के इलाकों से भी दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस वजह भीड़ बहुत बढ़ गई। मंदिर परिसर छोटा था। भीड़ को कंट्रोल करने के इंतजाम नहीं थे। लोगों में पहले दर्शन करने की होड़ लग गई। लोग कतार में लगने की जगह आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई। कई लोग भीड़ के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस को पहुंचने में भी देर हुई।

क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी?

महिला भक्तों ने बताया कि चैत्र महीने का ये आखिरी मंगलवार है। यहां मेला लगा था। भीड़ ज्यादा हो गई। मंदिर का गर्भगृह भी छोटा है। लोग जल्दी-जल्दी दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में थे। कोई लाइन में लगकर पूजा नहीं करना चाह रहा था।

नालंदा DM कुंदन कुमार ने लिया घटनास्थल का जायजा

नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने पूरे मंदिर परिसर को फिलहाल खाली करा दिया है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है। डीएम कुंदन कुमार ने कहा, आज नालंदा के मां शीतला मंदिर में काफी भीड़ हो जाने के कारण बहुत दुखद घटना हुई है। 8 लोगों की मौत हुई है, 8 लोग इलाज के लिए आए हैं। राहत-बचाव कार्य किया गया। जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों के लिए 6 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। 8 लोग घायल हैं, सभी की हालत स्थिर है, एक को इलाज के लिए रेफर किया गया है।

जांच के लिए SIT बनाई गई है: नालंदा SP

एसपी भारत सोनी ने नालंदा के मां शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, “आज सुबह हमें मंदिर में अतिरिक्त भीड़ की सूचना मिलीं। जब महिलाएं स्नान के बाद मंदिर परिसर में प्रवेश कर रही थीं, तो दम घुटने और पानी की कमी के कारण उनमें से कई बेहोश होकर गिरने लगीं। इसी अफरा-तफरी के बीच, भीड़ बेकाबू हो गई और यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। वहां पहले से चौकीदारों की नियुक्ति थी, लेकिन पूर्व में यह सूचना नहीं दी गई थी कि इतनी सारी भीड़ वहां होगी। SIT टीम गठित की गई है। FSL टीम वहां पहुंच गई है, CCTV कैमरों की हम जांच कर रहे हैं। कोई लापरवाही पाई गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

3 लोगों का रेफर किया गया हैः DDC

नालंदा के डीडीसी शुभम कुमार ने कहा, आज चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार है। शीतला माता मंदिर में पूजा के लिए लोग पहुंचे थे। 16 घायलों को बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल लाया गया था। 9 लोगों की मौत हो गई है। 5 लोगों का यहां इलाज चल रहा है। 3 को रेफर किया गया है। मंदिर में गर्भ गृह छोटा है, आम दिनों में यहां इतनी भीड़ नहीं होती है।

घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगीः मंत्री विजय चौधरी

मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को सभी राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, सभी शोक संतप्त परिवारों को आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (प्रत्येक परिवार को) की राहत राशि दी जाएगी। घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी।

पीएम मोदी ने जताया शोक, केंद्र सरकार देगी 2 लाख

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नालंदा हादसे पर दु:ख जताया है। उन्होंने घायलों के शीध्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। पीएम राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। साथ ही सभी घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

पटना जोन के IG जितेंद्र राणा नालंदा पहुंचे

नालंदा के मां शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। पटना जोन के IG जितेंद्र राणा, पटना कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

इलाके की घेराबंदी की गई, FSL टीम पहुंची

मंदिर परिसर को खाली कराया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है, किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। FSL की टीम मौके पर पहुंच कर सैंपल जमा कर रही है।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से जताया शोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *