बरेली: पिछले संस्करणों की भव्य सफलता के बाद श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SRMS CET) की ओर से इस वर्ष भी हैकाथॉन 4.0 (HACKATHON 4.0) का आयोजन किया जा रहा है। 02 अप्रैल से 04 अप्रैल के बीच आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन “इनोवोट फॉर इम्पैक्ट: टेक सोल्यूशंस फॉर एडवांसिंग एसडीजीज (Innovate for Impact: Tech Solutions for Advancing SDGs)” थीम पर आधारित है। यह जानकारी श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्रिंसिपल एवं हैकाथॉन 4.0 के इवेंट डायरेक्टर डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने दी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि कॉलेज के टेक एज सेल द्वारा आयोजित हैकाथॉन 4.0 का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के लिए नवाचार और तकनीकी समाधानों को बढ़ावा देने के साथ ही देश भर के युवा नवाचारकर्ताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और समस्या समाधानकर्ताओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां युवा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित करते हैं और अपने विचारों को प्रोटोटाइप और समाधान में परिवर्तित करते हैं। सतत विकास, स्वास्थ्य, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण आदि क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने वाले हैकाथान 4.0 में विजेता टीमों को एक लाख रुपये का पुरस्कार जीतने का भी मौका मिलता है।
कई इंजीनियरिंग कॉलेजों से मिले नवाचारी विचार
इसके साथ ही प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, तकनीकी कार्यशालाएं, मूल्यांकन सत्र एवं आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे यह एक समग्र शिक्षण और नवाचार अनुभव बनता है। दो अप्रैल को आरंभ होने वाले हैकाथॉन 4.0 का औपचारिक शुभारंभ पहली जनवरी, 2026 को किया गया था, जिसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। कुल 123 नवाचारी विचार (आइडिया) तमिलनाडु, हैदराबाद, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों के कोयंबटूर, इरोड, हैदराबाद, जबलपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ, मुरादाबाद और बरेली शहरों में संचालित इंजीनियरिंग कॉलेजों की टीमों से प्राप्त हुए।
विशेषज्ञों की टीम द्वारा गहन मूल्यांकन के पश्चात 96 विचारों (आइडिया) को शॉर्ट लिस्ट किया गया। इनमें से 60 टीमें, जिनमें कुल 205 प्रतिभागी शामिल हैं, अंतिम चरण में भाग लेने के लिए पंजीकृत हुई हैं। प्रतिभागियों (130 बालक और 75 बालिकाएं) की 60 टीमें दो अप्रैल से आरंभ होने वाले तीन दिवसीय हैकाथॉन 4.0 में हिस्सा लेगीं। दो अप्रैल को को सुबह विशेषज्ञों की चर्चा के साथ सुबह 11.30 बजे से हैकाथॉन 4.0 आरंभ होगा। करीब एक घंटे की चर्चा में टीमों के सदस्य उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और नवप्रवर्तकों सहित निर्णायकों के पैनल के समक्ष अपने प्रस्तावित समाधानों के लिए प्रोटोटाइप और मॉडल बनाने के लिए तीन दिन गहनता से काम करेंगी। हैकाथॉन के अंतिम दिन शनिवार शाम 3.30 बजे विजेताओं की घोषणा की जाएगी और पुरस्कार वितरण समारोह होगा।