Noida International Airport: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन; जनसभा को भी करेंगे संबोधित

Noida International Airport: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन; जनसभा को भी करेंगे संबोधित

Noida International Airport: उत्तर प्रदेश का बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) अब उड़ान भरने के लिए तैयार है. शनिवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12 बजे जेवर पहुंचेंगे और इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं. सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को कई स्तरों में बांटा गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस व सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.

कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है. प्रशासन ने यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा एक्सप्रेसवे पर मालवाहक (गुड्स) वाहनों के संचालन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है. यह प्रतिबंध शनिवार सुबह 7 बजे से लागू होगा और लगभग 16 घंटे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि वीआईपी मूवमेंट और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

PM मोदी का पूरा शेड्यूल

PM मोदी, 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. सुबह करीब 11:30 बजे, प्रधानमंत्री एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का दौरा करेंगे. दोपहर करीब 12 बजे, प्रधानमंत्री नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं है. इसे भारत के सबसे बड़े एविएशन हब के तौर पर प्लान किया गया है. जहां सिर्फ पहले चरण में ही करीब 11,200 करोड़ खर्च हुए हैं वहीं चारों चरणों में कुल अनुमानित निवेश  29,560 करोड़ है. 2040 तक पूरी तरह से बन जाने के बाद इस एयरपोर्ट में 6 रनवे होने की उम्मीद है. इससे यह एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में से एक बन जाएगा.

Post Comment

You May Have Missed