लखनऊ: राजधानी में पेट्रोल और डीजल लेने के लिए पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार लगातार दूसरे दिन भी लंबी लाइनें लगी हैं। इतना ईंधन डलवाया जा रहा है कि पेट्रोल पंप बार-बार खाली हो रहे हैं। टैंकर आकर उन्हें फिर से भरते हैं। अधिकतर पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि कोई कमी नहीं है। पेट्रोल और डीजल पर्याप्त है। लोग अफवाह में पड़कर भीड़ लगा रहे हैं। कुछ पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही 1-1 किमी लंबी कतार में गाड़ियां खड़ी हो गईं।
मुंशी पुलिया, डीएम आवास, बीकेटी के बांकेनगर का पेट्रोल पंप खाली हो चुका। तीनों को फिर से भरा जा रहा है। कई ईंधन स्टेशन रात में बंद कर दिए गए थे। इसकी वजह से लोगों और पंप के कर्मचारियों से नोकझोंक भी हो गई। डीएम विशाख जी. और जॉइंट सीपी बबलू कुमार ने रात में फील्ड पर उतरकर व्यवस्था देखी।
इंडियन ऑयल बोला– 20-22 दिनों का स्टॉक मौजूद
इंडियन ऑयल की ओर से एक प्रेसनोट जारी कर बताया गया है कि तीनों ऑयल कंपनियों के डिपो में 20 से 22 दिनों का पेट्रोल और डीजल का स्टॉक मौजूद है।
ठाकुरगंज में पुलिस ने लोगों को समझाया
ठाकुरगंज के बालागंज पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डंप किए जाने के दौरान लोग बेकाबू हो रहे थे। इस पर पुलिस को उतरना पड़ा। लोगों को पुलिस ने समझाया कि पेट्रोल डंप होने में 4 घंटे लगेंगे। आप लोग बाद में आइए। पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।