लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल और डीजल के लिए पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गई हैं। कुछ जिलों के कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। लखनऊ के भी चार पेट्रोल पंप वीरान पड़े हैं। पेट्रोल नहीं होने की वजह से लोगों को लौटना पड़ रहा है।
देवरिया, सुल्तानपुर और गोंडा सहित कई जिलों के पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को भी भीड़ उमड़ी है। लोग बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच गए। कई जगह लंबी लाइनें लग गईं। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा। गोरखपुर में दोपहर 12 बजे एक युवक बाइक पर एक और टंकी लादकर तेल लेने पहुंचा और कहा कि दोनों टंकियां फुल कर दीजिए।
श्रावस्ती में भड़के किसानों ने किया हाईवे जाम
श्रावस्ती में डिब्बों में पेट्रोल-डीजल भरने पर रोक लगा दी गई। इससे भड़के किसानों ने दोपहर 2 बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया। देवरिया में सुबह एक युवक ट्रॉली में 7 भगोने लादकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा और तेल भरवाकर ले गया।
नायरा पेट्रोलियम ने बढ़ाए दाम
इधर, नायरा पेट्रोलियम ने प्रदेश में पेट्रोल 5.30 और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया। इसके बाद लखनऊ में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹100.15 और डीजल ₹91.05 प्रति लीटर मिल रहा। पहले पेट्रोल ₹94.84 और डीजल ₹88.05 रुपये प्रति लीटर मिलता था।
यूपी में तेल कंपनियों के कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी ने बताया कि हमारे पास 22 दिन का स्टॉक है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें। घबराकर ज्यादा तेल खरीदने या जमा करने की जरूरत नहीं है।
अखिलेश यादव ने कसा तंज
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने ने कहा कि नया महीना आ रहा है। बीजेपी शासन में लोगों को लाइन के अलावा क्या मिला? वहीं, गोरखपुर में सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि पंप पर लाइन न लगाएं। जब जरूरत हो, तभी डीजल और पेट्रोल लेने जाएं। अगर लाइन लगाएंगे तो हमारी राष्ट्रभक्ति पर लोग संदेह करेंगे।
प्रदेश में करीब 13,168 पेट्रोल पंप चल रहे हैं। पंप मालिकों का कहना है कि अचानक 3 से 4 गुना तक भीड़ बढ़ गई है। उन्हें समझ में भी नहीं आया कि आखिर अचानक भीड़ क्यों बढ़ गई, जबकि तेल पर्याप्त है।
ललितपुर में मंत्री ने ली बैठक, बोले- सरकार नजर रखे है
ललितपुर में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर अधिकारियों और पेट्रोल पंप संचालकों की विशेष बैठक हुई। इसमें राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ भी पहुंचे। समस्या के समाधान को लेकर अफसरों से बात की।
मंत्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि सरकार स्थिति पर पूरी तरह नजर रखे है। जल्द ही दिक्कतों को कम करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
प्रयागराज में कोई कमी नहीं
इलाहाबाद कौशांबी डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन सिंह का कहना है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में है। मंगलवार से अफवाह की वजह से कुछ पैनिक हुआ। इसी वजह से कुछ पंप ड्राई हो गए हैं। तेल पर्याप्त मात्रा में है। प्रशासन भी मदद कर रहा है।
देवरिया में 400 लीटर डीजल पकड़ा गया
देवरिया-बलिया मार्ग स्थित ‘मा ऑटो फ्यूल, अहिलवार बुजुर्ग’ पेट्रोल पंप पर औचक निरीक्षण के दौरान 400 लीटर डीजल की अवैध आपूर्ति पकड़ी गई। इसे जब्त कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने मामले में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी देते हुए सभी पंप संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी कि कालाबाजारी या किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
UP में पेट्रोल की कोई कमी नहीं
लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी आलोक त्रिवेदी ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। सभी तेल कंपनियां यह सुनिश्चित कर रही हैं कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और आपूर्ति सुचारू बनी रहे। लखनऊ में डीजल-पेट्रोल हर पंप पर उपलब्ध है।
गोंडा DSO बोले- डीजल-पेट्रोल का एक सप्ताह का स्टॉक
गोंडा जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि डीजल-पेट्रोल का एक सप्ताह का स्टॉक उपलब्ध है। गोंडा में कुल 214 पेट्रोल पंप हैं। इनमें से 210 पर पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल का वितरण किया जा रहा है। जिले में वर्तमान में 913 किलोलीटर पेट्रोल और 1040 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है। हालांकि, पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। जिले में प्रतिदिन 188 किलोलीटर डीजल और 152 किलोलीटर पेट्रोल की खपत होती है, जो भीड़ के कारण और बढ़ सकती है।