UP News: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ.बबीता सिंह चौहान ने कहा है कि अभिनेत्री नोरा फतेही को अश्लील गाने के लिए वापस उनके देश कनाडा भेज देना चाहिए। ऐसे गानों पर प्रतिबंध नहीं लगाने वाले सेंसर बोर्ड को भंग कर देना चाहिए। वह अलीगढ़ में विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि आखिर सेंसर बोर्ड क्या कर रहा है। ओटीटी प्लेटफार्म से परोसी जा रही सामग्री देखने योग्य नहीं है, इसमें बढ़चढ़ कर अश्लीलता परोसी जा रही है। इससे कम उम्र में ही किशोरों और युवाओं पर गलत असर हो रहा है। इस पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है।
डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा, मोबाइल के दुष्प्रभाव से बच्चों को बचाने के लिए कक्षा पांच तक के होमवर्क को मोबाइल पर भेजने पर रोक लगाने का प्रयास किया था, इसमें वह काफी हद तक सफल रहीं हैं। आगे भी इसको जारी रखा जाएगा। यदि किसी स्कूल में इसका उल्लंघन हुआ तो कार्रवाई कराई जाएगी।