UP: उत्तर प्रदेश में संचारी रोग से बचाव के लिए सरकार ने मेगा अभियान चलाने का फैसला किया है। इसको लेकर सरकार के स्तर पर व्यापाक जनसंपर्क किया जाएगा। इसमें लोगों को संचारी रोग से निपटने के लिए जागरूक किया जाएगा। सरकार की ओर से जन जागरूकता के लिए बड़े अभियान की शुरुआत पहली अप्रैल से शुरू की जाएगी। इस संबंध में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी डीएम को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जिलों में कार्यक्रम को चलाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कार्यक्रमों में ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों, आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने की भी बात कही।
मुख्य सचिव ने जिलों के डीएम को राज्य सरकार की ओर से जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए बनाई गई योजना की जानकारी दी है। उन्हें बताया कि योजना के तहत संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। साथ ही, दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल 2026 तक चलेग। मुख्य सचिव ने सभी डीएम निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों की अंतर्विभागीय बैठक आयोजित करें। जागरूकता कार्यक्रम को लेकर माइक्रो प्लान तैयार करें। अभियान की सभी तैयारियों को समय पर पूरा कराया जाए। साथ ही, अभियान में लगने वाले सभी कर्मियों का प्रशिक्षण भी समय पर पूरा कराया जाए।
प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर
मुख्य सचिव एसपी गोयल जागरूकता अभियान की सफलता के लिए लगातार प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पंचायती राज विभाग और नगर निकायों की ओर से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव, झाड़ियों की कटाई, जलभराव का निस्तारण, नालियों की सफाई तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था जैसे कार्य प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराए जाएं। सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अभियान में पूर्ण रूप से सक्रिय रहने का भी उन्होंने निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने डेंगू, चिकनगुनिया आदि संचारी रोगों के प्रति संवेदनशील जिलों में विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही, गर्मी के मौसम में हीटवेव के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी बात कही।