नई दिल्ली: सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार (20 मार्च) को स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें ₹2.09-₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ा दी है। भोपाल में इसकी कीमत बढ़कर करीब 117 रुपए पहुंच गई है। सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है। यहां सामान्य पेट्रोल 106.47 रुपए प्रति लीटर में बिक रहा है।
प्रीमियम पेट्रोल BPCL का स्पीड, HPCL का पावर और IOCL का XP95 के नाम से बिकता है। ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले 10-12 रुपए महंगा होता है। प्रीमियन पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने की वजह से की गई है। अमेरिका-इजराइल की ईरान के साथ चल रही जंग की वजह से कच्चा तेल बढ़ा है।
दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 112 रुपये प्रति लीटर तक हुई
दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 107 से लेकर 112.30 रुपये प्रति लीटर तक हो गई है।
मुंबई में प्रीमियम पेट्रोल 115-120.30 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
चेन्नई में 112-117.30 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी?
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपये महंगा होता है। अब इस बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ जाएगा।
आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेड़ा गया है। तेल कंपनियों ने आखिरी बार मार्च, 2024 में आम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2 रुपये की कटौती की थी। प्रीमियम फ्यूल की बिक्री कुल पेट्रोल बिक्री का एक छोटा हिस्सा होती है, इसलिए इस बढ़ोतरी का असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा जिनके पास लग्जरी कारें या हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स बाइक्स हैं।
प्रीमियम पेट्रोल महंगा होने से क्या बदलेगा?
प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 95 या उससे ज्यादा होता है। हाई-एंड इंजन वाली गाड़ियां इसी ईंधन पर बेहतर परफॉरमेंस देती हैं। कीमतों में 2 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी होने से उन ग्राहकों का मंथली फ्यूल बजट बढ़ जाएगा जो अपनी गाड़ियों के इंजन की लंबी उम्र और बेहतर पिकअप के लिए प्रीमियम फ्यूल ही लेते हैं। बड़े शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में प्रीमियम पेट्रोल की दरें अब रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच सकती हैं।
कंपनियों के मार्जिन पर था दबाव: बाजार विशेषज्ञ
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ समय से मार्केटिंग मार्जिन में कमी आने के कारण तेल कंपनियां दबाव में थीं। चूंकि, प्रीमियम फ्यूल की कीमतें डी-रेगुलेटेड (बाजार आधारित) कैटेगरी में आती हैं, इसलिए कंपनियां इसकी कीमतों में बदलाव करने के लिए स्वतंत्र हैं। प्रीमियम फ्यूल सेगमेंट में मार्जिन बेहतर होता है, इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है।
आने वाले दिनों में कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों और मिड-ईस्ट में जारी तनाव पर सबकी नजर रहेगी। अगर कच्चे तेल की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में सामान्य पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी बढ़ाई जा सकती हैं।
भारत में कच्चा तेल दोगुना होकर 146 डॉलर पर पहुंचा
जंग के चलते ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने की वजह से कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं। ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम आज 109.54 डॉलर प्रति बैरल पर हैं। एक दिन पहले कच्चे तेल का दाम 117.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था।
वहीं, भारत में क्रूड की कीमतें लगभग दोगुनी होकर 146 डॉलर पर पहुंच गई हैं। भारत इराक, सऊदी अरब, रूस, UAE से तेल खरीदता हैं। इन सभी अलग-अलग तरह के तेलों की कीमतों का जो औसत निकाला जाता है, उसे ही ‘इंडियन बास्केट’ कहते हैं।