बरेली: एसआरएमएस ट्रस्ट की ओर से दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव आमोद 2026 गुरुवार को आरंभ हुआ। गुड लाइफ हॉस्पिटल की डायरेक्टर ऋचा मूर्ति ने मशाल प्रज्वलित कर खेल शुरू होने की घोषणा की और विद्यार्थियों को खेलों की तरह हार-जीत से सीख लेकर स्वस्थ प्रतियोगिता के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। खेल महोत्सव आमोद 2026 के पहले दिन उद्घाटन समारोह के साथ 17 स्पर्धाएं आयोजित हुईं। इसमें कबड्डी और खो-खो के फाइनल मैच भी शामिल रहे।
एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) स्थित फुटबॉल ग्राउंड में गुरुवार सुबह 9 बजे आमोद 2026 का उद्घाटन समारोह हुआ। गुड लाइफ हॉस्पिटल की डायरेक्टर ऋचा मूर्ति ने आमोद 2026 का ध्वजारोहण किया और टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेलों की हार-जीत से प्रेरणा लेने का संदेश दिया और इसके माध्यम से जीवन में आने वाली चुनौतियों का खुद ही साहसपूर्वक सामना कर उन्हें पराजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल भावना के साथ खेलें और जीतने के लिए कोई कसर न छोड़ें। चुनौती दें और चुनौतियों का सामना करें, टीम भावना के साथ दूसरों को भी प्रोत्साहित करें और हार-जीत की परवाह किए बगैर खुद भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

इन खेलों को हो रहा आयोजन
आमोद 2026 की ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी दिव्यांशी सिंह ने सभी कॉलेजों के खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई और टूर्नामेंट आरंभ हो गया। इसके साथ ही कॉलेज में विभिन्न स्थानों पर फुटबाल, वालीबाल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम के साथ एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आरंभ हुईं। इसमें एसआरएमएस ट्रस्ट संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों सीईटी, सीईटीआर, मेडिकल, पैरामेडिकल, नर्सिंग के विद्यार्थियों ने बालक और बालिका वर्ग में हिस्सा लेना आरंभ किया।
इससे पहले उद्घाटन समारोह में सभी का स्वागत सीईटी के विद्यार्थियों के क्लब टायरो के प्रेसिडेंट स्वास्तिक ने सभी का स्वागत किया और आमोद 2026 की जानकारी दी। उन्होंने इसे खेल प्रतियोगिता से ज्यादा बताया और कहा कि यह अनुशासन, टीम वर्क, धैर्य, साहस, ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा का प्रतीक है। टायरो सेक्रेटरी प्राची शर्मा ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों और खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया और आभार जताया, जबकि उद्घाटन समारोह का संचालन ट्रस्ट की इवेंट कोऑर्डिनेटर सदफ रसूल ने किया।

इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर देविशा मूर्ति, एसआरएमएस ट्रस्ट एडवाइजर इंजीनियर सुभाष मेहरा, सीईटी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता, सीईटीआर के डीन डॉ. शैलेश सक्सेना, आईपीएस की प्रिंसिपल डॉ. जसप्रीत कौर, नर्सिंग कालेज की प्रिंसिपल डॉ. मुथु महेश्वरी, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डॉ. अनुज कुमार, फार्मेसी विभाग के डीन डॉ. अमित कुमार शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सौरभ गुप्ता, चीफ प्राक्टर इंजीनियर विवेक यादव, कोच नितिन सक्सेना, कोच अनुज शर्मा, कोच युसुफ अंसारी, कोच शंकरपाल मौजूद रहे।
पहले दिन के परिणाम
- बास्केट बॉल में अपने अपने नाक आउट मैच जीत कर सीईटी और आईएमएस की टीम ने फाइनल में स्थान बनाया।
- शतरंज प्रतियोगिता में अपने प्रारंभिक मैच जीत कर सीईटी और आईएमएस की टीमों ने अंतिम चरण में अपनी जगह सुनिश्चित की।
- कैरम में अपने अपने मैच जीत कर लड़कों की श्रेणी में सीईटीआर और आईबीएस एवं लड़कियों की श्रेणी में आईबीएस और सीईटी ने फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया।
- टेबल टेनिस में लड़कों की श्रेणी में एसआरएमएस सीईटी और एसआरएमएस आईएमएस की टीम फाइनल में पहुंची, जबकि लड़कियों की श्रेणी में एसआरएमएस सीईटी और एसआरएमएस सीईटीआर ने फाइनल में प्रवेश किया।
- वॉलीबॉल में सीईटी और आईएमएस के लड़कों की टीम फाइनल में पहुंची। जबकि सीईटी और आईएमएस की लड़कियों ने फाइनल में स्थान बनाया।
- खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल एसआरएमएस सीईटीआर और एसआरएमएस आईएमएस के लड़कों के बीच हुआ। इसमें सीईटीआर के लड़कों ने जीत हासिल की। खो-खो के लड़कियों का फाइनल मैच सीईटी और आईएमएस के बीच हुआ। इसमें सीईटी की टीम विजेता बनी।
- फुटबॉल में सीईटी और आईएमएस की टीमों ने फाइनल में स्थान बनाया।