उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

UP: सरकार का ईको-फ्रेंडली परिवहन पर फोकस, लंबी दूरी वाले मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें जल्द

UP: सरकार का ईको-फ्रेंडली परिवहन पर फोकस, लंबी दूरी वाले मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें जल्द

UP News: सड़क परिवहन को सुगम बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देते हुए प्रदेश की योगी सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. अब लंबी दूरी वाले मार्गों पर भी डीजल बसों की जगह इलेक्ट्रिक बसें चलाने पर सरकार का फोकस है. इसी कड़ी में जल्द ही गोरखपुर के दो प्रमुख बस स्टेशनों से 20 नई इलेक्ट्रिक बसें अयोध्या, बनारस, सोनौली सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों पर दौड़ती नजर आएंगी. यूपी रोडवेज को गोरखपुर के लिए ईको-फ्रेंडली परिवहन के प्रथम चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं. इनमें से 6 बसें बनारस के लिए चलेंगी जिनमें 3 गाजीपुर मार्ग से और 3 आजमगढ़ मार्ग से संचालित होंगी. 3 बसें अयोध्या, 3 बसें बलिया, 3 बसें नेपाल बॉर्डर स्थित सोनौली, 3 बसें तमकुहीराज और 2 बसें लार रोड तक चलाई जाएंगी. शुरुआती चरण में 9 बसें कचहरी बस स्टेशन से और 11 बसें गोरखपुर रेलवे बस स्टेशन से संचालित की जाएंगी.

राप्तीनगर में हाईटेक चार्जिंग स्टेशन लगभग तैयार

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सबसे जरूरी चार्जिंग स्टेशन राप्तीनगर में हाईटेक तरीके से बनकर लगभग तैयार हो चुका है. जो कार्य बचे हैं उन्हें इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा. चार्जिंग स्टेशन शुरू होते ही इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा. तैयारी अंतिम दौर में है और यात्रियों को जल्द ही इन नई ई-बस सेवाओं का लाभ मिलने लगेगा. इलेक्ट्रिक बसों का रूट चार्ट इस तरह तैयार किया गया है कि पूर्वांचल के सभी महत्वपूर्ण शहरों और पर्यटन स्थलों को और मजबूत कनेक्टिविटी मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *