उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

LPG News: AAP का आरोप- हक़ीकत से पल्ला झाड़ रही प्रदेश सरकार

LPG News: AAP का आरोप- हक़ीकत से पल्ला झाड़ रही प्रदेश सरकार
  • गैस संकट और महंगाई को लेकर आप का भाजपा सरकार की नीतियों पर  हमला

LPG News: ‘आप’ यूपी के प्रवक्ता वंशराज दुबे ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश गैस की किल्लत से जूझ रहा है और भाजपा की केंद्र तथा उत्तर प्रदेश की सरकारें जमीनी सच्चाई से पूरी तरह वाकिफ होने के बावजूद जनता को गुमराह करने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए देश की साख को अमेरिका के सामने गिरवी रख दिया है, जिसके कारण देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नुकसान उठाना पड़ रहा है और उसका सीधा असर आज भारत की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की रसोई पर पड़ रहा है। वंशराज दुबे ने कहा कि मंत्री और भाजपा के नेता यह कह रहे हैं कि देश और उत्तर प्रदेश में गैस तथा तेल का संकट पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और इजरायल-ईरान के युद्ध की वजह से आया है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह संकट मोदी सरकार की गलत विदेश नीति और उसके फैसलों का नतीजा है।

सरकारी कागजों में डिलीवरी सामान्य दिखाई जा रही

उन्होंने कहा कि भारत में इस्तेमाल होने वाले लगभग 60 प्रतिशत कच्चे तेल और करीब 50 प्रतिशत गैस की आपूर्ति हार्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री मार्ग से होती है, जो ईरान के प्रभाव वाले क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पारंपरिक मित्र देश ईरान के खिलाफ जाकर अमेरिका और इजरायल का साथ दिया और पूरे देश को एक बड़े संकट में डाल दिया। उत्तर प्रदेश में लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, लेकिन सरकारी कागजों में डिलीवरी सामान्य दिखाई जा रही है। प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में लोग रात से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं, फिर भी अगले दिन तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। यह हालात केवल रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है। गैस की कमी के कारण फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, छोटे उद्योग ठप पड़ रहे हैं और रेस्टोरेंट तथा ढाबे तक बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

आप प्रवक्ता ने कहा, गैस की कालाबाजारी अपने चरम पर है। जो सिलेंडर 900 से 1000 रुपये में मिलता था, वही सिलेंडर आज 7 से 10 हजार रुपये तक में बेचा जा रहा है। पूरे देश में लूट मची हुई है और भाजपा की सरकारें दिल्ली से लेकर लखनऊ तक जनता को गुमराह करने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जब गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते हैं तो उससे जुड़ी तमाम जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ जाते हैं, लेकिन सरकार इस पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है। वंशराज दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुकदमा-मुकदमा खेलने की राजनीति बंद करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *