लखनऊ: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें वह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं, उसका जूता बनाना भी जानते हैं और समय आने पर उसे सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं। ये बयान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए दिया। उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने करणी सेना के एक पदाधिकारी के बयान पर पलटवार किया है।
बता दें कि करणी सेना के प्रदेश महामंत्री ने बयान जारी कर कहा था कि हम चंद्रशेखर को बाराबंकी की धरती पर कदम नहीं रखने देंगे। वहीं, चंद्रशेखर ने कहा कि हम संघर्ष करने वाले लोग हैं। हम सज्जन लोग हैं। मैं तो संवैधानिक व्यक्ति हूं। हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं और समय आने पर उसे सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं। हम सिर्फ संविधान से डरते हैं और संविधान के खिलाफ कभी नहीं जाएंगे।
विधानसभा चुनाव पर फोकस
चंद्रशेखर, प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अलग-अलग जिलों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने बाराबंकी में जनसभा को संबोधित किया। जहां पर उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज से छीना गया राजपाट वापस लिया जाएगा और जो लोग आज बहुजनों का रास्ता रोक रहे हैं उनके नाम डायरी में लिखे जा रहे हैं, सत्ता आने पर उनका उचित सम्मान होगा।
Lucknow, Uttar Pradesh: On his rally in Barabanki, ASP Chief and MP Chandrashekhar Azad says, "We are people who struggle – we are not afraid of threats… We are only afraid of the Constitution. We will not go against the Constitution…" pic.twitter.com/qydJQkvzG5
— IANS (@ians_india) March 15, 2026
शहर के निकट मंजीठा ग्राम पंचायत के पास कांशीराम जयंती और पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जनसभा में 20 हजार से अधिक लोगों को देख गदगद हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दिल्ली की सत्ता पर बहुजन समाज का पहला प्रधानमंत्री बैठेगा और उसी दिन कांशीराम का सपना पूरा होगा। प्रदेश सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि प्रदेश में कानून का राज है। जबकि उत्तर प्रदेश में एलानिया कत्ल हो रहे हैं।
“…तो यमराज छुट्टी पर चले जाते हैं”
चंद्रशेखर ने बदायूं में हत्या और संभल में किशोरी के साथ गैंगरेप, बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला में किशोरी के जिंदा जलने समेत कई घटनाओं उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते है कि हर चौराहे पर यमराज खड़े हैं, मगर लेकिन गुंडे भाजपा से जुड़े होते है तो यमराज छुट्टी पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गारंटी देता हूं कि 20 मार्च 2020 को हमने पार्टी बनाई। मैंने किसी धर्म पर टिप्पणी नहीं की। बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने संभल के सीओ को सत्ताधारी दल के नेताओं की तरह बोलने का आरोप लगाया और कहा कि हाईकोर्ट ने जो टिप्पणी की उसका स्वागत है।