उत्तर प्रदेश, राजनीति

UP: लखनऊ में 400 मीटर लंबी लाइन, बाराबंकी में सिलेंडर के लिए मारपीट; कानपुर में बिगड़े हालात

UP: लखनऊ में 400 मीटर लंबी लाइन, बाराबंकी में सिलेंडर के लिए मारपीट; कानपुर में बिगड़े हालात

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर (LPG) को लेकर लगातार चौथे दिन लोग परेशान हैं। बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। एजेंसियों के बाहर लाइनें लगी हुई हैं। पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। इसी बीच, बाराबंकी में सिलेंडर के लिए जमकर लात-घूंसे चले हैं। हुआ यूं कि गैस एजेंसी पर लाइन लगी थी। तभी सिलेंडर से भरी गाड़ी पहुंची और लाइन के बीच में एक युवक घुसने लगा। दूसरे युवक ने रोकने की कोशिश की तो मारपीट हो गई।

गाजियाबाद में सिलेंडर के लिए लोगों ने हंगामा किया। जैसे ही एजेंसी पर ट्रक पहुंचा, लोग सिलेंडर लेने के लिए टूट पड़े। किसी तरह पुलिस ने स्थिति को संभाला। महराजगंज में बुकिंग न होने पर लोगों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया। कानपुर में सिलेंडर के लिए 8 दिनों से एजेंसी पर लगातार आ रही महिला ने कहा कि मर कर रहा खुदकुशी कर लूं।

लखनऊ में 400 मीटर लंबी लाइन

शाहजहांपुर में 10 रुपए में भरपेट भोजन की सुविधा देने वाली ‘परी आपकी रसोई’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में एक एजेंसी पर 400 मीटर लंबी लाइन देखने को मिली। गैस किल्लत के चलते बाजारों में इंडक्शन कुकटॉप/चूल्हों की मांग भी बढ़ गई है। रेस्टोरेंट और होटलों पर भी दिखने लगा है। खाने-पीने की कई आइटम्स की कीमतें बढ़ने लगी हैं। आगरा में 20 रुपये वाली चाय 25 रुपये में मिल रही है।

प्रदेश के कई जिलों में गैस की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। लोग दोगुनी कीमत देकर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। हालांकि, गैस कंपनियां किसी भी तरह की किल्लत से इनकार कर रही हैं। उधर, सीएम योगी ने गैस और तेल की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- अफसर 24 घंटे मॉनिटरिंग करें।

केंद्र ने योगी सरकार को दिया केरोसिन

गैस किल्लत को देखते हुए केंद्र ने यूपी सरकार को 80 लाख लीटर केरोसिन तेल दिया था। प्रदेश में कुल 4.26 करोड़ घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.87 करोड़ कनेक्शन शामिल हैं। यूपी में रोजाना औसतन 5 से 6 लाख सिलेंडरों की खपत होती है।

शाहजहांपुर में 10 रुपये में भरपेट भोजन बंद

शाहजहांपुर में गरीबों और जरूरतमंदों को 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली ‘परी आपकी रसोई’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। संचालक अंकुर कटियार का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने के कारण यह फैसला लेना पड़ा। प्रयागराज के गोविंदपुर में रसोई गैस सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे से लोग लाइन में खड़े हैं। एक उपभोक्ता ने बताया कि एक सप्ताह पहले सिलेंडर बुक किया था, कई दिन से रोज दौड़ रहे थे।

कानपुर में महिला बोली– रोज 200 रुपये खर्च हो रहे, मन कर रहा खुदकुशी कर लें

कानपुर में रसोई गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रही महिला ने बताया कि वह 8 दिनों से रोज आ रही। 200 रुपये रोज आने-जाने के लगते हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा। आक्रोशित महिला ने कहा कि मन कर रहा खुदकुशी कर लें।

रायबरेली में महिला बोली– 5 दिन से रोज गैस के लिए लाइन में लग रही

रायबरेली में गैस के लिए लाइन में लगीं मीनाक्षी अवस्थी ने बताया कि 5 दिन से वह और उनके पति लाइन में लग रहे लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा। महिलाओं की लाइन में वह स्वयं जबकि पुरुषों की लाइन में उनके पति लगते हैं। शुक्रवार को भी सुबह 9 बजे से लाइन में हैं, लेकिन 12 बजे तक सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पीछे खड़ी एक महिला एक सप्ताह से रोज आ रहीं लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा।

देवरिया में गैस नहीं मिलने पर लोगों ने किया हंगामा

देवरिया में शुक्रवार को गैस सिलेंडर के लिए आशा एजेंसी पर लोगों ने हंगामा कर दिया। गैस लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे थे। लेकिन एजेंसी खुलने पर कर्मचारियों ने पहले पर्ची लेने के लिए ऑफिस भेजना शुरू कर दिया। नई व्यवस्था से लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

अयोध्या में गैस के लिए मारामारी, तड़के से ही लाइन में लगे लोग

अयोध्या शहर में शशी गैस एजेंसी, साकेत गैस एजेंसी, भारत गैस एजेंसी सहित अधिकतर एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। सिलेंडर लेकर लोग तड़के पहुंच जा रहे। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस लेने के लिए उन्हें घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि पर्ची कटने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी लाइन में खड़े नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *