लखनऊ: वित्त वर्ष 2026-27 में लखनऊ नगर निगम में 4692.71 करोड़ रुपये से विकास कार्य किए जाने हैं। 487 करोड़ रुपये से सीवर और पानी से जुड़े काम होंगे। 22 फरवरी को बजट की कार्यकारिणी बैठक में नगर निगम और जलकल विभाग की तरफ से कुल 5179.71 करोड़ रुपये का प्रस्तावित बजट पास किया गया है। अब इसे मंजूरी के लिए 13 मार्च को प्रस्तावित सदन की बैठक में रखा जाएगा। बजट में सबसे अधिक जोर साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण पर रहा। इसपर कुल 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस बार जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया है। नगर निगम की तरफ से इस बार उत्सव वाटिका बनाई जाएगी। श्मशान घाट को सही किया जाएगा। हाउस टैक्स ऑनलाइन जमा करने पर अप्रैल से ही 10 फीसदी की छूट मिलेगी। ऑफलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर 8 फीसदी की छूट रहेगी। मई और जून के महीने में भी यह छूट लागू रहेगी।
400 करोड़ कूड़ा निस्तारण और साफ सफाई पर खर्च
बजट में सबसे अधिक जोर साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण पर है। ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। इसमें कुल 400 करोड़ रुपये आने वाले एक साल में खर्च होंगे। मेयर की विकास निधि 20 करोड़ और नगर आयुक्त की विकास निधि 10 करोड़ रहेगी। पार्षदों की वार्ड विकास निधि भी नहीं बढ़ेगी। इसके साथ बजट में सड़क निर्माण पर 271 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बजट में कल्याण मंडप बनाने, नगर निगम को डिजिटल बनाने सहित मूल भूत सुविधाओं को सुधारने पर जोर है।
5179.71 करोड़ का बजट
बजट में 2,278 करोड़ रुपये राजस्व लेखा (रेवेन्यू अकाउंट) है, जो नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स, लीज रेंट, विभिन्न ठेकों और जुर्माने से होने वाली इनकम है। 981 करोड़ रुपये राजस्व लेखा (कैपिटल अकाउंट) राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर मिलने वाले 16 वें वित्त, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सीएम ग्रेड योजना सहित अन्य केंद्र सरकार और राज्य सरकार से आने वाले मद शामिल हैं।
34 करोड़ रुपये ठेकेदारों की सिक्योरिटी, कर्मचारी कल्याण कोष, सामूहिक जीवन बीमा सहित अन्य मद से आने वाली मद जिसे उचंत खाता (सस्पेंस अकाउंट) में रखा गया है। इसके साथ ही इस साल का क्लोजिंग बैलेंस 1399 करोड़ रुपये नए फाइनेंशियल ईयर में ओपनिंग बैलेंस के रूप में जुड़ेगा, जिससे साल 2026-27 का कुल बजट 4692.71 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। वहीं, जलकल का बजट 487 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।
हाउस टैक्स की वसूली का लक्ष्य 750 करोड़
नए वित्त वर्ष में नगर निगम ने हाउस टैक्स की वसूली का लक्ष्य 750 करोड़ रुपये रखा है। हालांकि, टैक्स को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्ताव में 271 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। यह पिछले साल के मूल बजट के बराबर में है। हालांकि, 2025-26 के पुनरीक्षित बजट में इसे 55 करोड़ रुपये बढ़ाकर इसे 326 करोड़ कर दिया गया था, जिसे पुनरीक्षित बजट में बढ़ाया जा सकता है। नगर निगम आवश्यकता के अनुसार इसपर निर्णय लेगा।