एंटरटेनमेंट डेस्क: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान स्थिति और एयरस्पेस पाबंदियों के बीच एक्टर विवेक ओबेरॉय ने सोमवार को यूएई में रहने वालों को सोशल मीडिया के जरिए शांत रहने और पैनिक से बचने का मैसेज दिया। कई सालों से यूएई में रह रहे विवेक ओबेरॉय ने अपने X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “यूएई में रह रहे मेरे एक्सटेंडेड फैमिली से कहना चाहता हूं कि मौजूदा खबरें आपको परेशान कर सकती हैं। लेकिन याद रखिए, यह देश शांति, धैर्य और साथ मिलकर आगे बढ़ने की भावना पर बना है।”
एक्टर ने आगे लिखा, “हम 200 से ज्यादा देशों से आए हैं, लेकिन एक बड़े परिवार की तरह साथ रहते हैं। मैं यूएई सरकार और वहां की सशस्त्र सेनाओं के नेतृत्व को सलाम करता हूं। उनकी सतर्कता और समय पर जारी अलर्ट लोगों को सुरक्षित रखते हैं। हमारे देशों के बीच का रिश्ता इस्पात के पुल जैसा मजबूत है, और यहां रहने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित रहें, जारी सलाह के अनुसार घर के अंदर रहें और शांत बने रहें।”
भारत के लोगों से भी प्रार्थना करने को कहा
अपनी पोस्ट के अंत में विवेक ने कहा, “भारत में अपने लोगों से कहना चाहता हूं: आइए, सभी को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। घबराहट फैलाने का जरिया न बनें। जानकारी के लिए आधिकारिक और सत्यापित मीडिया पर ही भरोसा करें। हर हाल में सहानुभूति को प्राथमिकता दें। सच ही हमारी सबसे मजबूत ढाल है। एमिरेट्स के हर घर तक शांति और उजाला पहुंचे, यही कामना है।”

बता दें कि विवेक का मैसेज ऐसे समय में आया है, जब कई भारतीय सेलिब्रिटी वेस्ट एशिया के हालात की वजह से फ्लाइट में रुकावट के कारण UAE में रुके हुए हैं। एयरस्पेस पर पाबंदियां हाल ही में US और इजराइल की सैन्य कार्रवाई और ईरान के जवाब के बाद लगाई गई हैं, जिससे पूरे इलाके में ट्रैवल पर असर पड़ा है।