CM Yogi Japan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के बाद अपने दो दिवसीय दौरे के लिए जापान पहुंच गए हैं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. सीएम योगी ने टोक्यो में मित्सुई के मैनेजिंग ऑफिसर और कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. उनके इस दौरे को यूपी में निवेश और रोज़गार के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने जापान पहुंचने की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है. जहां एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया, उनके साथ यूपी के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी दिखाई दिए. सीएम योगी ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा- ‘Landed in Tokyo, Japan.. उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार…’ सीएम योगी ने जापान में निवेशकों को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और जाापान का संबंध सूर्य की प्रथम किरण से प्रारंभ होकर उत्तर प्रदेश से जुड़ता है. भारत भगवान राम की भूमि है और भगवान बुद्ध की पावन धरा है.
यूपी देश का सबसे तेज बढ़ने वाला राज्य
सीएम योगी ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतत्व में आगे बढ़ा है. भारत की आबादी का 25 करोड़ अकेले उत्तर प्रदेश में निवास करती है. जितनी बड़ी चुनौतियां हैं उतनी संभावनाएं भी हैं. पिछले 9 वर्षों में हमने इसे धरातल पर उतारने का काम किया है. सबसे तेजी से बढ़ने वाले राज्य के रूप में आपने आप को स्थापित किया है. उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य माना जाता है पर आज भारत की इकोनॉमी का मज़बूत स्तंभ बनकर साथ खड़ा है. भारत के कृषि योग्य भूमि का 11 प्रतिशत यूपी में है जबकि 25 प्रतिशत उत्पादन करता है. यूपी में फूड प्रोसेसिंग की अनंत संभावनाएं उत्तर प्रदेश में है. सबसे बड़ा जल संसाधन वाला राज्य उत्तर प्रदेश है.
यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ
उत्तर प्रदेश के अंदर 56 प्रतिशत आबादी वर्किंग फोर्स है यानि युवा है. भारत में सस्ता और अच्छा मैन पावर है. यूपी में पिछले 9 वर्षों में एक्सप्रेस वे का विस्तार हुआ. भारत का सबसे बड़ा नेटवर्क उत्तर प्रदेश के पास है. एक्सप्रेस वे पर 27 इंडस्ट्रीयल पार्क की स्थापना, 16 घरेलू और 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालित किए हैं. जल्द ही नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने वाला है. जिसके पास 500 एकड़ भूमि जापान के लिए रखी है. इसके आसपास काफी संभावनाएं हैं.
यूपी में निवेश को लेकर की चर्चा
सीएम योगी ने जापान पहुंचने के बाद मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाक़ात की और प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर और डेटा यूनिट क्षेत्र में निवेश को लेकर चर्चा की. मुख्यमंत्री ने टोक्यो में मित्सुई एंड कं. के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर काजुकी शिमिजु और अन्य प्रतिनिधियों से निवेश को लेकर चर्चा की. सीएम योगी ने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा, आईसीटी, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर सहित परिवर्तनकारी निवेश अवसरों का अन्वेषण करने के लिए मित्सुई एंड कं. को आमंत्रित किया, जो राज्य के तेज औद्योगिक विस्तार के अनुरूप हैं. उत्तर प्रदेश की विकास धारणाओं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण को मजबूत करने के लिए अवसंरचना परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और औद्योगिक निवेश में सहयोग पर भी चर्चा की गई. बता दें कि सीएम योगी 25 और 26 फरवरी को जापान में दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे और कई दूसरे बड़ी कंपनियों और निवेशकों से भी मुलाक़ात करेंगे ताकि यूपी में निवेश को बढ़ाया जा सके. सीएम योगी यहां अपने 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे हैं.