उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी के भदोही में बारिश, कानपुर में सीजन की सबसे गर्म रात; 10 जिलों में अलर्ट

यूपी के भदोही में बारिश, कानपुर में सीजन की सबसे गर्म रात; 10 जिलों में अलर्ट

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के भदोही जिले में शुक्रवार सुबह करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। आगरा, मथुरा, लखनऊ और प्रयागराज सहित 10 शहरों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वांचल के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। गुरुवार की बात करें तो बांदा सबसे गर्म रहा। यहां पारा 31.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 30.4 डिग्री के साथ प्रयागराज दूसरे नंबर पर रहा। जबकि, कानपुर में सीजन की सबसे गर्म रात रही। यहां 55 साल का रिकार्ड टूट गया। न्यूनतम पारा 16.6°C दर्ज किया गया।

उत्‍तराखंड में बर्फबारी से गिर सकता है पारा

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में बर्फबारी हुई तो इससे पारा में गिरावट देखने को मिलेगी। फिलहाल यूपी में किसी बड़े वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में हल्की बारिश के बाद मौसम के शुष्क और साफ होने के आसार हैं। आने वाले दिनों में दिन में हल्की गर्माहट बनी रह सकती है, जबकि रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

गुरुवार को पश्चिमी यूपी के आगरा, मेरठ और मुरादाबाद मंडल में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। बीते 24 घंटों में अयोध्या, कानपुर, लखनऊ और बरेली मंडल में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, जिससे रातें ठंडी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *