लखनऊ में बच्‍चे समेत छह लोगों को रौंदने वाला 12वीं का स्टूडेंट गिरफ्तार, कार भी जब्‍त

लखनऊ में बच्‍चे समेत छह लोगों को रौंदने वाला 12वीं का स्टूडेंट गिरफ्तार, कार भी जब्‍त

लखनऊ: यूपी की राजधानी में स्विफ्ट डिजायर कार से गाड़ियों में टक्कर मारते हुए छह लोगों को रौंदने वाला 12वीं का छात्र गिरफ्तार हो गया है। इस हिट एंड रन की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इस हादसे में एक छह साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक बच्चे की पहचान उन्नाव की साधना के बेटे दीक्षांत के रूप में हुई है। वह नानी के साथ पहली बार बाजार आया था।

सूचना मिलने पर उसकी मां अस्पताल पहुंची और बेटे के शव से कफन हटाते ही चीख पड़ी। हादसे के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे एक घंटे के भीतर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। कार में उसकी एक क्लासमेट भी मौजूद थी, जो दुर्घटना के बाद वहीं उतर गई। स्थानीय लोगों ने लड़की को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

क्‍या है पूरा मामला?

बंथरा थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास सहिजनपुर के प्रमोद कुमार अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी करके दुकान पर सामान ले रहे थे। तभी लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद लोग कार ड्राइवर को पकड़ने के लिए भागे तो उसने स्पीड बढ़ा दी। इस दौरान उसने बाजार में खरीदारी करने आए बंथरा के पापे उर्फ पउवा के 12 साल के बेटे अरमान को टक्कर मार दी।

अरमान को कुचलने के बाद 100 मीटर दूर खड़े उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार ड्राइवर ने उन्नाव के सोहरामऊ के पथरहा गांव के रहने वाले ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) को भी रौंद दिया। उसके बाद आगे खड़ी ऑटो में भी जोरदार टक्कर मारी। जब तक लोग कार चालक को पकड़ते वह कार सहित मौके से फरार हो गया।

आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्‍त

एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा के अनुसार, पुलिस ने कार को ट्रेस कर आरोपी छात्र गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया और कार भी जब्त कर ली है। गौरव की कार बेकाबू थी। वह अवध कॉलेजिएट में 12वीं में पढ़ता है। वह और उसकी क्लासमेट मोहन रोड स्थित एक फेयरवेल पार्टी से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

Post Comment

You May Have Missed