देश-दुनिया, राजनीति

बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान जारी, तारिक रहमान बोले- जिसे योग्य समझते हैं, उसे ही वोट दें

बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान जारी, तारिक रहमान बोले- जिसे योग्य समझते हैं, उसे ही वोट दें

ढाका: बांग्लादेश में गुरुवार (12 फरवरी) को 299 सीटों पर मतदान जारी हैं। संसद में 300 सीटों के लिए वोटिंग होती है, लेकिन शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार की मौत के बाद वहां मतदान रद्द कर दिया गया है। कुल 12 करोड़ 77 लाख मतदाता ‘फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट’ प्रणाली के तहत वोट डाल रहे हैं। इस बार 51 राजनीतिक पार्टियां सत्ता हासिल करने के लिए मैदान में हैं।

बांग्लादेश में करीब 12.7 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि लगभग आधे मतदाता 18 से 37 साल के हैं। इनमें करीब 45.7 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।

तारिक रहमान पीएम पद के सबसे बड़े दावेदार

पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान पीएम पद के सबसे बड़े दावेदार हैं। इस चुनाव में उनकी पार्टी BNP सत्ता की सबसे बड़ी दावेदार है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी पार्टी के नेता शिफुकर रहमान और नेशनल सिटिजन्स पार्टी (NCP) के नेता नाहिद इस्लाम भी PM पद का अहम चेहरा हैं। नाहिद इस्लाम ने दावा किया है कि जमात-NCP समेत 11 दलों का गठबंधन सरकार बनाएगा।

बड़ी संख्या में महिला मतदाता वोटिंग कर रहीं

सिलहट-1 में स्थित शाहजलाल जामिया इस्लामिया कामिल मदरसा और पठानतुला हाई स्कूल केंद्रों पर सुबह करीब 7:45 बजे से महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। मतदाताओं ने कहा कि जल्दी मतदान करने से घर के काम भी सही समय पर करने में मदद मिलती है। सुबिद बाजार के आनंद निकेतन केंद्र पर भी महिलाएं इसी कारण से जल्दी पहुंची। पीटीआई अकादमी जैसे कुछ केंद्रों में, सभी शुरुआती मतदाता महिलाएं थीं, और पहले आधे घंटे के भीतर ही 50 वोट डाले गए।

तारिक रहमान बोले– जिसे योग्य समझते हैं, उसे ही वोट दें

BNP चीफ तारिक रहमान ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करें और जिसे योग्य समझते हैं, उसी को वोट दें। एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लोगों से मतदान केंद्र जाने और चुने हुए प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपने की अपील की। उन्होंने भरोसा जताया कि निष्पक्ष चुनाव में BNP की जीत तय है।

जमात नेता बोले– निष्पक्ष चुनाव हुए तो हम नतीजे स्वीकार करेंगे

बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है उनकी पार्टी लोगों के वोट से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होता है तो वे नतीजे स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरों को भी जनता का फैसला मानना चाहिए।

BNP नेता बोले- चुनाव से बांग्लादेश में नए दौर की शुरुआत

BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह चुनाव बांग्लादेश में एक नए दौर की शुरुआत करेगा। अपने गृह जिले ठाकुरगांव के गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल में वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यह चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और तटस्थ होगा। सभी की भागीदारी के साथ शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो और देश में एक नए अध्याय की शुरुआत हो।

फखरुल ने कहा कि कई सालों के त्याग और संघर्ष के बाद यह दिन आया है। आज बांग्लादेश में लोकतंत्र की एक नई यात्रा शुरू हो रही है। हमें उम्मीद है कि यह रास्ता देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और लोगों के जीवन को बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगा।

चुनाव में 1981 उम्मीदवार, इनमें से 249 निर्दलीय

इस चुनाव में कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 249 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव में हिस्सा लेने वाले प्रमुख दलों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), जमात-ए-इस्लामी, नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी), जातीय पार्टी (जेपी-कादर), जातीय पार्टी (जेपी-एरशाद), लेफ्ट डेमोक्रेटिक एलायंस और अमर बांग्लादेश पार्टी शामिल हैं।

NCP नेता बोले- हमारा गठबंधन सरकार बनाने की कगार पर

नेशनल सिटिजन्स पार्टी के प्रमुख नाहिद इस्लाम ने दावा किया है कि जमात-एनसीपी समेत 11 दलों का गठबंधन 13वें संसदीय चुनाव में सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच चुका है। उन्होंने ढाका में वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। नाहिद ने सरकार गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, “हमें भरोसा है कि हम सरकार बनाने के करीब हैं। जब तक नतीजे नहीं आ जाते, हम मतदान केंद्रों की सुरक्षा करेंगे। जनता जो फैसला देगी, हम उसे पूरी तरह स्वीकार करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *