उत्तर प्रदेश, राजनीति

कासगंज-एटा मार्ग पर अनियंत्रित बस पलटी, ड्राइवर समेत 25 यात्री घायल; पांच गंभीर

कासगंज-एटा मार्ग पर अनियंत्रित बस पलटी, ड्राइवर समेत 25 यात्री घायल; पांच गंभीर

एटा: कासगंज से एटा की ओर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर हिंदुस्तान युनिलीवर कंपनी के पास सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस चालक और परिचालक सहित 25 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। सभी घायलों को हाईवे और मेडिकल कॉलेज की एंबुलेंस की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस चालक और परिचालक सहित पांच लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनके स्वास्थ्य पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।

घायलों की लिस्‍ट जारी

बस हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें बस चालक मोती सिंह निवासी कस्बा व थाना आंवला जिला बरेली और परिचालक जयचंद निवासी बरेली शामिल हैं। अन्य घायलों में मोहम्मद शोएब और अरबाज निवासी बरेली, दिनेश निवासी नैनीताल, अनुपम निवासी हुमायूंपुर कासगंज, अलेखा और शिप्रा निवासी आगरा, रिंकी निवासी हुमायूंपुर थाना सोरों जिला कासगंज तथा उपदेश देवी निवासी फिरोजाबाद शामिल हैं।

फिलहाल, बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। तेज रफ्तार या यांत्रिक खराबी जैसे कारणों की संभावनाओं पर गौर किया जा रहा है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *