उत्तर प्रदेश, राजनीति

गाजियाबाद सुसाइड केस: बच्चियों के पिता ने 16 साल में कीं तीन शादियां, बताईं सिर्फ दो

गाजियाबाद सुसाइड केस: बच्चियों के पिता ने 16 साल में कीं तीन शादियां, बताईं सिर्फ दो

गाजियाबाद: जिले में तीन बहनों निशिका, प्राची व पाखी के सुसाइड मामले में लगातार नई परतें खुलती जा रही हैं। अब पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरियों के पिता चेतन कुमार ने बीते 16 वर्षों में दो नहीं, तीन शादियां की थीं। इनसे जुड़े तीन मैरिज सर्टिफिकेट पुलिस को मिले हैं। यह भी सामने आया है कि तीसरी पत्नी टीना बच्चों को कोरियन कल्चर की लत से दूर कर दोबारा पढ़ाई की ओर ले जाने का प्रयास कर रही थी। उसी के कहने पर चेतन ने एक माह पहले तीनों बेटियों का ट्यूशन लगवाया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेतन ने अपने बयानों में तीन शादियों की बात छिपाई थी। अब जांच के दौरान पुलिस को पता चला चला है कि चेतन ने साल 2010 में सुजाता से पहली शादी की थी। इसके बाद साल 2013 में उसकी बहन हिना से विवाह किया। साल 2021 में सीलमपुर निवासी टीना से कोर्ट मैरिज की थी। चेतन का कहना है कि वह अपने चरित्र को लेकर सवालों से बचना चाहता था।

अशिक्षित हैं सुजाता और हिना

पुलिस के अनुसार, सुजाता और हिना अशिक्षित हैं। बेटियों की पढ़ाई-लिखाई पर उनका विशेष ध्यान नहीं था। इसके विपरीत टीना बच्चों को शिक्षित करना चाहती थी। उन्हें मोबाइल पर अधिक समय बिताने से लगातार टोकती रहती थी। टीना को जब बेटियों के कोरियन कल्चर से जुड़ाव की जानकारी हुई तो उसने चेतन से बात की। इसके बाद चेतन ने बेटियों के मोबाइल फोन ले लिए। उनका ट्यूशन लगवाया। ट्यूशन टीचर ने जब शिकायत की कि तीनों बच्चियां वहां भी खुद को कोरियन बताती हैं तो घर में डांट-फटकार का सिलसिला बढ़ गया।

हादसे के बाद से सुजाता और हिना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। दोनों सदमे में हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच टीम कई बार चेतन के घर बातचीत के लिए जा चुकी है। इस दौरान सुजाता और हिना बातचीत के बीच अचानक यह कहते हुए बेसुध हो जाती हैं कि कोरियन ने मेरी बेटी को मार डाला। काफी देर तक यही बात दोहराती रहती हैं। फिलहाल चेतन, टीना और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

चेतन को फ्लैट करना पड़ सकता है खाली

भारत सिटी सोसायटी में चेतन कुमार के रहने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताना शुरू कर दिया है। इसके बाद एओए जयप्रकाश ठाकुर ने फ्लैट के मालिकों से बातचीत की है। अंदेशा जताया जा रहा है कि जल्द ही चेतन और उनके परिवार को दोनों फ्लैट खाली करने पड़ सकते हैं।

एओए अध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद चेतन के बारे में जो बातें सामने आई हैं, उससे सभी हैरान हैं। लोगों का मानना है कि परिवार का सोसायटी में रहना ठीक नहीं है। अध्यक्ष ने बताया कि इसको लेकर चेतन के फ्लैट मालिकों से बातचीत की गई है। गम के माहौल को देखते हुए परिवार से इस बारे में फिलहाल कोई बात नहीं की है।

गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग की लत में तीन मासूम बहनों ने दी जान

गाजियाबाद में ऑनलाइन गेम की लत के चलते सोसायटी की नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर तीन नाबालिग बहनों ने जान दे दी। तीन नाबालिग बहनों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) की मौत की इस दर्दनाक घटना ने देश को झकझोर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की लत और कोरियाई लवर गेम से प्रभावित तीनों बहनें फोन छीन लिए जाने से आहत थीं। दिल दहला देने वाली यह घटना साहिबाबाद के टीलामोड़ की भारत सिटी सोसायटी में मंगलवार देर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस को किशोरियों के कमरे से पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पेज का सुसाइड नोट लिखा गया है।

रोज घंटों खेला करती थीं कोरियाई गेम

पिता चेतन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि तीनों बहनों को मोबाइल फोन की गंभीर लत थी और रोज घंटों कोरियाई गेम खेला करती थीं। तीनों ने अपने कोरियाई नाम मारिया, अलीजा और सिंडी भी रख लिए थे।

चेतन ने बताया कि तीन दिन पहले उन्होंने बेटियां से फोन छीन लिए थे। इस बात से तीनों बेहद परेशान थीं और छिपकर माता-पिता का फोन इस्तेमाल करती थीं। पुलिस के मुताबिक, किशोरियां टास्क आधारित कोरियाई लव गेम के फेर में फंस गई थीं। वह पिछले दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *