T-20 विश्‍व कप में भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं होगा, PAK सरकार का बॉयकॉट का ऐलान

T-20 विश्‍व कप में भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं होगा, PAK सरकार का बॉयकॉट का ऐलान

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: आईसीसी टी-20 विश्‍व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार ने रविवार (01 फरवरी) शाम को इस मैच के बॉयकॉट का ऐलान किया। दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो में एक-दूसरे से भिड़ने वाली थी। हालांकि, अब तक यह तय नहीं है कि अगर नॉकआउट में भारत सामने आया तो पाकिस्तान मैच खेलेगा या नहीं?

अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 24 जनवरी को बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में एंट्री दी थी। ICC के इस फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट कर दिया।

टूर्नामेंट खेलेंगे, लेकिन भारत से मैच नहीं- पाकिस्तान सरकार

पाकिस्तान ने रविवार को घोषणा की कि वह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेगा। पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने के बाद लिया। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंता जताई थी।

सरकार ने X पर एक पोस्ट में कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।

T-20 विश्‍व कप में भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं होगा, PAK सरकार का बॉयकॉट का ऐलान

प्रधानमंत्री से मिले थे PCB चीफ

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने सोमवार, 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस मीटिंग में पाकिस्तान के वर्ल्ड कप पार्टिसिपेशन और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर बाते हुईं। नकवी ने कहा था कि शुक्रवार या सोमवार तक आखिरी फैसला लिया जाएगा। अब रविवार को सरकार ने इस पर फैसला ले लिया।

ग्रुप स्टेज में 3 ही मैच खेलेगा पाकिस्तान

बॉयकॉट के बाद पाकिस्तान और भारत की टीमें ग्रुप स्टेज में 3-3 मैच ही खेलेगी। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड, 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी। वहीं, टीम इंडिया 7 फरवरी को अमेरिका, 12 फरवरी को नामीबिया और 18 फरवरी को नीदरलैंड से भिड़ने वाली है।

वर्ल्ड कप में भारत को सिर्फ एक मैच हरा सका है पाकिस्तान

टी-20 और वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 भिड़ंत हो चुकी है। भारत ने 7 और पाकिस्तान ने सिर्फ 1 बार जीत हासिल की है। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच अब तक हुए सभी 8 मैच भारत ने जीते हैं।

भारत-पाकिस्तान पर क्या होगा असर?

भारत और पाकिस्तान की टीमें वर्ल्ड कप के ग्रुप ए में है। चारों ग्रुप में 5-5 टीमें हैं, जिनमें से 2-2 टीमें सुपर-8 स्टेज में जाएंगी। पाकिस्तान के बायकॉट का मतलब यह होगा कि इस मैच के 2 पॉइंट्स भारत को मिल जाएंगे और भारत के सुपर-8 में पहुंचने की राह काफी आसान हो जाएगी।

ICC की प्लेइंग कंडीशन के मुताबिक, बॉयकॉट करने से पाकिस्तान का रन रेट भी खराब होगा। वहीं, भारत का रन रेट बेहतर हो जाएगा। 16.10.7 क्लॉज में बताया है कि पाकिस्तान के 20 ओवर में 0 रन होंगे, जबकि भारत का एक भी ओवर काउंट नहीं होगा। इससे पाकिस्तान का रन रेट निगेटिव में भी जा सकता है। ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका की टीमें हैं। पाकिस्तान बाकी मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर इस स्थिति में भी सुपर-8 में पहुंच सकती है।

ICC को कितना नुकसान?

विश्‍व कप में भारत-पाकिस्तान मैच सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच होता है। कई बार इस मैच की व्युअरशिप फाइनल से भी ज्यादा होती है। यह मैच न होने से सबसे ज्यादा नुकसान ब्रॉडकास्टर को होगा। ब्रॉडकास्टर पहले ही मैच के सारे विज्ञापन स्लॉट बेच चुके हैं। ICC को सीधा नुकसान नहीं है क्योंकि वह पहले ही मीडिया राइट्स बेच चुकी है।

हालांकि, यह मैच न होने से ब्रॉडकास्टर ICC से नुकसान की भरपाई की मांग कर सकते हैं। अलग-अलग एनालिसिस के मुताबिक, वर्ल्ड कप में एक भारत-पाकिस्तान मैच से होने वाली कमाई पूरे वर्ल्ड कप की कमाई का लगभग 8 से 10% तक होती है।

पाकिस्तान की टी-20 वर्ल्ड कप टीम

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक।

Post Comment

You May Have Missed