रायबरेली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार (20 जनवरी) को अपने गढ़ रायबरेली में मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आरएसएस और नरेंद्र मोदी, अंबेडकर और संविधान व गांधी जी की सोच मिटाना चाहते हैं। आजादी से पहले जैसा हिंदुस्तान था, वैसा ही हिंदुस्तान आज भी है। किसानों की जमीनें छीनी जा रही है। आपके सारे हक छीने जा रहे हैं। योजनाएं छीनी जा रही हैं। योजना और उनका पैसा अदाणी व अंबानी को दिया जा रहा है। आपकी जमीन भी उनके हवाले की जा रही है। आप भुखमरी की ओर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में कहा कि हिंदुस्तान की सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। किसानों और मजदूरों की सरकार नहीं है। इस देश को अदानी और अंबानी की सरकार से कोई फायदा नहीं होने वाला है। मनरेगा के मजदूर यहां आए हैं। आपको घबराना नहीं है। कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। हम केंद्र सरकार की योजना को सफल नहीं होने देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा योजना को मिटाने की जो कोशिश हो रही है, उसके खिलाफ पूरे देश में पार्टी लड़ाई लड़ेगी।
31 कार्यों का लोकार्पण और आठ का शिलान्यास
राहुल गांधी ने एक दिवसीय दौरे पर सुबह सबसे पहले भुएमऊ गेस्ट हाऊस में पार्टी पदाधिकारियों व आम जनता से मुलाकात किया। यहीं पर सांसद निधि से कराए गए दो करोड़ 61 लाख रुपये के 31 कार्यों का लोकार्पण और 50.39 लाख रुपये के आठ कार्यों का शिलान्यास किया। राहुल गांधी ने आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
नेता विपक्ष श्री @RahulGandhi जी ने आज भुएमऊ गेस्ट हाउस, रायबरेली में सांसद विकास निधि के अंतर्गत क्षेत्र की जनता को समर्पित 31 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 8 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इन विकास परियोजनाओं के माध्यम से रायबरेली में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त करने,… pic.twitter.com/gj6Q7LTt4g
— UP Congress (@INCUttarPradesh) January 20, 2026
नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आनंद नगर स्थित घर पहुंचकर दामाद ओम प्रकाश सोनकर, बेटी पूर्णिमा सोनकर को आशीर्वाद दिया। दोनों की हाल में ही शादी हुई है। रोहनिया ब्लॉक के उमरन गांव में मनरेगा बचाओ संग्राम कार्यक्रम के जरिए मोदी सरकार को घेरा।
देश का पैसा अदाणी व अंबानी को देने में लगे नरेंद्र मोदी
उमरन गांव में आयोजित ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ कार्यक्रम के दौरान भी राहुल गांधी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा हमारी तीन टर्म की सरकार में मनरेगा का जो कांसेप्ट था, उसमें पंचायतों को जिम्मेदारी देने की बात थी। उनको फाइनेंसियल रिस्पांसिबिलिटी दी जाए। उस दौरान दूसरा लक्ष्य था कि हिंदुस्तान के जो गरीब लोग हैं, उनके लिए मिनिमम वेज बने, जिससे कम कहीं भी किसी को वेज न मिले। नरेंद्र मोदी यह नहीं चाहते हैं। वह पावर को पावर कांसेप्टेड करना चाहते हैं। वह पावर को अपने हाथों में लेना चाहते हैं और ब्यूरोक्रेसी के हाथों में डालना चाहते हैं। वह गरीबों को भूखा मारना चाहते हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुख्य बात यह नहीं है कि मनरेगा का नाम बदला गया है, लेकिन नाम बदल कर गांधी जी का अपमान जरूर किया गया है। उससे बड़ी बात है कि जो गरीब जनता है, उससे प्रोटेक्शन हटा दिया गया है। हमारी थर्ड टर्म गवर्नमेंट की जो सोच थी, उसकी जड़ को काटा गया है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। जो मजदूरी करते हैं, उनकी सुरक्षा में लगे हुए हैं। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश का पूरा धन अदाणी और अंबानी को दिया जाए। एक तरफ हम जनता की रक्षा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी देश की जनता का पैसा खींचकर अदानी और अंबानी को देने में लगे हैं।
लड़ते रहें, डरे नहीं
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ आम जनता से मुलाकात किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें लड़ते रहना है और डरना नहीं है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार धर्म का आडंबर ओढ़े हुए है, जिसे बेनकाब करना आवश्यक है। पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान राहुल ने आगामी पंचायत चुनावों में उम्मीदवारों के चयन और पार्टी की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया।
आज रायबरेली में नेता विपक्ष श्री @RahulGandhi जी ने यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग T20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया। 🏏
इस अवसर पर श्री राहुल गांधी जी ने टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और… pic.twitter.com/aV3XoTYLha
— UP Congress (@INCUttarPradesh) January 20, 2026
राहुल गांधी ने पार्टी की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इस संकेत से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस आगामी पंचायत चुनावों में युवा चेहरों पर भरोसा जता सकती है। पार्टी का मानना है कि युवा जोश और नए विचारों से संगठन को मजबूती मिलेगी और जमीनी स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया जा सकेगा। आम जनता से मिलकर राहुल ने उनका सुख दुख जाना और निपटारे का भरोसा दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी ने पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सभी से हिम्मत के साथ खड़े रहकर भाजपा की नीतियों का विरोध करने का आह्वान किया।
मनरेगा श्रमिकों की प्रतीकात्मक मूर्ति भेंट की
ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व विधायक अजयपाल सिंह ने मंच पर राहुल गांधी को मनरेगा श्रमिकों की प्रतीकात्मक मूर्ति भेंट की। इसमें महिला श्रमिक के हाथ में फावड़ा व तसला है, जबकि पुरुष श्रमिक हाथ में गैंती लेकर श्रम को प्रदर्शित कर रहा है। राहुल गांधी ने प्रतिमा को हाथ लिया और उसे काफी देर तक देखते रहे। उन्होंने पूर्व विधायक से मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर भी गूफ्तगू की।