उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में कोहरे का कहर, सात हादसों में एक शख्‍स की हुई मौत; हवाई-रेलवे सफर भी प्रभावित 

यूपी में कोहरे का कहर, सात हादसों में एक शख्‍स की हुई मौत; हवाई-रेलवे सफर भी प्रभावित 

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। रविवार को लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज और अयोध्या सहित 50 अधिक जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर तक रह गई है। हालत इतने खराब हैं कि सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। गाड़ियों की लाइटें भी नजर नहीं आ रहीं।

कोहरे के चलते रविवार को सात हादसे हुए और 30 गाड़ियां टकराईं। एक की मौत हुई, जबकि 28 लोग घायल हुए। अमरोहा में दर्जनभर गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हाईवे पर क्षतिग्रस्त गाड़ियों की लंबी लाइन दिखाई दी। इसके अलावा, कुशीनगर में रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर में कई यात्री घायल हो गए। बरेली में स्कूली बस और पिकअप की भिड़ंत में दोनों ड्राइवरों को चोटें आईं।

दो दिन में टकराईं 80 गाड़ियां

मैनपुरी में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई। एक की मौत हो गई। वहीं, मुरादाबाद में हाईवे पर 5 गाड़ियां टकराईं। वहीं, शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और वैगनआर कार की टक्कर हो गई। तीन लोग घायल हो गए। इससे पहले शनिवार को 16 जिलों में सड़क हादसे हुए थे। 50 गाड़ियां टकराई थीं, जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी यानी दो दिन में 80 गाड़ियां टकरा चुकी हैं।

विजिबिलिटी कम होने से रेलवे और हवाई सफर बुरी तरह प्रभावित है। गोरखपुर, वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। लखनऊ एयरपोर्ट्स पर रसअल खैमा UAE और मुंबई से लखनऊ आई फ्लाइट्स आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रहीं। लैंडिंग की इजाजत न मिलने पर इसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। बीते 24 घंटे की बात करें तो बाराबंकी 3.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। 3 दिन और भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। घना कोहरा रह सकता है।

दिन मौसम कैसा रहेगा?

19 जनवरी: पश्चिम यूपी में बूंदाबांदी के साथ पूर्वी यूपी के भी कई जिलों में बादल छा सकते हैं। ठंडी हवा गलन बढ़ाएगी
20 जनवरी: कोहरे में कमी आएगी। ठंडी हवा गलन बढ़ाएगी।
21 जनवरी: पश्चिम यूपी के कई जिलों में बादल छा सकते हैं।
22 जनवरी: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में बारिश हो सकती है।
23 जनवरी: पश्चिम के साथ मध्य यूपी में भी बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *