-
एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे प्रभारी मंत्री, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कम्बल किया वितरित
Shravasti: प्रदेश सरकार में मंत्री एवं जनपद के प्रभारी नितिन अग्रवाल एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं रेडक्रास सोसायटी के सौजन्य से आठ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण जैसे-मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल, ट्राईसाईकिल, कान की मशीन, वाकिंग स्टीक एवं कम्बल प्रदान किया। प्रभारी मंत्री ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के सम्बन्ध में प्रेसवार्ता भी की। उन्होंने कहा, देश के प्रधानमंत्री का विजन है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनें। विकसित राष्ट्र का सपना पूरा करने के लिए विकसित भारत-जी राम जी योजना एक बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। देश विकसित तभी होगा, जब विकसित गांव होंगे। गांव के साथ-साथ प्रदेश विकसित होंगे तो निश्चित ही देश विकसित हो सकेगा।

गाँव के गरीब और मजदूर भाइयों–बहनों को एक नई शक्ति मिली
उन्होंने कहा, मनरेगा योजना के तहत पूर्व में 100 दिन रोजगार की गारंटी थी, लेकिन विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 125 दिन की रोजगार की गारन्टी दी जाएगी। इसमें बेरोजगारी भत्ते के लिए बेहतर प्रावधान रहेगा। श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान और देरी होने पर सम्बन्धित की जवाबदेही तय की जाएगी। हमारी सरकार के इस प्राविधान में लोगों को समय से मजदूरी मिल सके, यह सुनिश्चित की जाएगी। उन्होने कहा, इस योजना के माध्यम से गाँव के गरीब और मजदूर भाइयों-बहनों को एक नई शक्ति प्रदान की है। अब तक हम मनरेगा की बात करते थे, लेकिन अब हम विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन की ओर बढ़ रहे हैं। इसका सीधा मतलब है कि अब लोगों को साल में अधिक दिनों तक काम मिलेगा और आपकी आय में 25 प्रतिशत की सीधी वृद्धि होगी।