-
निषाद पार्टी का 13वां संकल्प दिवस, केंद्रीय मंत्री समेत दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश सरकार के मंत्री रहे मौजूद
Lucknow: निषाद पार्टी का 13वां संकल्प दिवस पर डॉ. बीआर अम्बेडकर सभागार (राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री भारत सरकार किरेन रिजिजू, उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार केशव प्रसाद मोर्य, उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार बृजेश पाठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभासपा एवं कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार ओम प्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दयाशंकर सिंह, समनव्यक शिवसेना (शिंदे) अभिषेक वर्मा, नेता सदन विधानसभा निषाद पार्टी रमेश सिंह, अपना दल (एस) के पदाधिकारी एवं निषाद पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहें।
हम सरकार बनाना और गिराना भी जानते हैं: डॉ. निषाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष निषाद पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय निषाद ने अपने संबोधन में कहा की 13 जनवरी 2013 को उन्होंने महाराजा गुह्रराज निषादजी के किले श्रृंगवेरधाम पर जाकर कसम खाई थी कि मछुआ समाज का शोषण करने वाली सभी सरकारों का अंत करना होगा क्योंकि मछुआ समाज किसी का वोट बैंक नहीं है। हम केवल नदी और ताल में मछली ही मारना नहीं जानते हैं, हम सरकार बनाना और गिराना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के नेता बहन वीरांगना फूलन देवी, लोहपुरुष स्व. जमुना निषाद, महेद्र सिंह राजपुत, धनीराम वर्मा, मनोहर लाल निषाद को पूर्व की सरकारों ने अपने स्वार्थ और लाभ के लिए इस्तेमाल किया और उसके बाद उन्हें जान से मरवाने का काम भी किया। हम सभी चाहते हैं कि बहन वीरांगना फूलन देवी एवं लोहपुरुष स्व. जमुना निषाद जी की हत्या की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से यह भी अनुरोध किया कि लोकसभा में मिली हार के पीछे समाजवादी पार्टी की ताकत नहीं, बल्कि हमारे ही अपनों का हाथ था और उनकी पहचान कर पार्टी से साइडलाइन किया जाना अनिवार्य है। डॉ. निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा से मछुआ समाज के विकास और उत्थान की सोच रखते हैं। इसी की देन है कि नीली क्रांति, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री मछुआ दुर्घटना बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (मत्स्य पालन क्षेत्र) जैसी लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
हमारे सहयोग के बिना कोई सत्ता में नहीं आयेगा: राजभर
वहीं, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार ओम प्रकाश राजभर ने अपने संबोधन में कहा, समाजवादी पार्टी वाले यह बोलते हैं कि निषाद समाज के लोग दारू का नशा करते हैं और चुनाव में इन्हें दारू पिलाकर वोट ले लेंगे। उन्होंने कहा कि मैं डॉ. संजय निषाद को धन्यवाद देता हूँ कि आपने ताल में रहने वाले लोगों को लखनऊ की कुर्सी पर बैठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि निषाद पार्टी और सुभासपा मिल जाएँ, तो कोई भी पार्टी हमारे सहयोग के बिना सत्ता में नहीं आ पाएगी। समाजवादी पार्टी 2027 में वहीं पहुँच जाएगी, जहाँ से उसकी शुरुआत हुई थी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार कभी नहीं बनेगी। मछुआरा समाज जाल और नाव चलाता है, अब आपको हथियार भी चलाना होगा।
संघर्ष से निकली है निषाद पार्टी
वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मोर्य ने कहा कि आज यहां एनडीए का जो गुलदस्ता सजा हुआ है, वह अत्यंत खूबसूरत है। डॉ. संजय निषाद गरीबों का दर्द समझते हैं और स्वयं भी एक गरीब परिवार में जन्मे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. संजय निषाद वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी के साथ आए थे और तब से लेकर आज तक बीजेपी कोई भी चुनाव नहीं हारी है। हरियाणा, बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी निषाद पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी रही है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी संघर्षों से निकली हुई पार्टी है। निषाद पार्टी और भारतीय जनता पार्टी का संबंध मात्र कलयुग का नहीं है, बल्कि यह प्रभु श्रीराम और महाराजा गुह्यराज निषाद की मित्रता की मिसाल है। आपके वंशजों ने कभी प्रभु श्रीराम को आश्रय दिया था और उन्हें नदी पार करवाई थी और आज उसी प्रकार डॉ. संजय निषाद हमें मंत्री और विधायक बनाने में सहयोग दे रहे हैं।

हम सभी मुद्दों का करेंगे समाधान: किरेन रिजिजू
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि डॉ. संजय निषाद मछुआ समाज के लिए संघर्ष को हमेशा से प्राथमिकता देते रहे हैं। निषाद पार्टी गरीबों और वंचितों की उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारा तो मछुआ समाज से घर का रिश्ता है, क्योंकि आपके पूर्वजों ने ही प्रभु श्रीरामचंद्र को नदी पार करवाई थी। निषाद समाज से दोस्ती और रामराज्य की कल्पना निषाद राज के बिना कभी की ही नहीं जा सकती। संसदीय कार्यमंत्री भारत सरकार किरेन रिजिजू ने कहा कि मैंने आज तक बहुत सी पार्टियों के नाम देखे हैं, किंतु सबसे खूबसूरत नाम आपकी पार्टी का है—निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल। वास्तव में डॉ. संजय निषाद ने अपनी पार्टी का नाम सबसे अलग और सुंदर रखा है। उन्होंने कहा कि मैं भी एक पिछड़ी जाति से आता हूँ और एक गरीब परिवार का बेटा हूँ।उन्होंने कहा कि आपके जो भी मुद्दे हैं, वे भारतीय जनता पार्टी के भी मुद्दे हैं। हम और निषाद पार्टी मिलकर बैठेंगे और उन सभी मुद्दों का समाधान करेंगे।
