नई दिल्ली/लखनऊ: देश की शीर्ष अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट ने नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। नेहा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ‘चौकीदरवा कायर बा’… गाना गाया था। इसके बाद वाराणसी और लखनऊ में उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।
लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा था। उस समय नेहा ने तबीयत का हवाला दिया था। इसके बाद दोबारा मिले नोटिस पर 03 जनवरी की रात नेहा पति के साथ कोतवाली पहुंचीं थीं।

यूपी सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस
न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार और मामले की शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा कि नेहा राठौर के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। कोर्ट ने राठौर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है।
समझिए पूरा मामला
लखनऊ पुलिस के अनुसार, 12 मई को नेहा सिंह राठौर के गाने ‘चौकीदरवा कायर बा… बेटियां किसानन खातिर बनल जनरल डायर बा…’ पर विवाद छिड़ा। आरोप लगा कि नेहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनरल डायर कहा है। हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने 20 मई को नेहा सिंह राठौर के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट के 3 जोन के 15 थानों में 500 से ज्यादा शिकायतें दीं। अकेले लंका थाने में ही 318 शिकायतें आईं।
इस पर गायिका नेहा सिंह ने कहा था- ‘इस वक्त मेरे साथ क्या और क्यों हो रहा है। मैं इस सरकार से सवाल पूछ रही हूं। लेकिन, सरकार के पास मेरे सवालों का कोई जवाब नहीं है। बदले में मुझे गालियां दिलवाई जा रही हैं। 400 शिकायतें नहीं 4 लाख FIR करवा दीजिए, आपसे नहीं डरूंगी।’