उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी के 35 जिलों में कोहरा, 20 फ्लाइट्स-100 ट्रेनें लेट; तीन दिन पड़ेगी कड़ाके की ठंड

यूपी के 35 जिलों में कोहरा, 20 फ्लाइट्स-100 ट्रेनें लेट; तीन दिन पड़ेगी कड़ाके की ठंड

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में कोहरे के साथ पारा 3°C से नीचे पहुंच गया है। 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन और गलन बढ़ा दी है। बुधवार सुबह आगरा, मुरादाबाद और अलीगढ़ सहित 35 शहरों में कोहरा छाया है। कुछ जगह पर ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह महसूस हुईं।

घने कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई सफर बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। ट्रेनें और फ्लाइट्स घंटों लेट हैं। कई जगह सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देख पाना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। रातें और भी सर्द होंगी। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

ट्रेनें और फ्लाइट्स घंटों लेट

कोहरे से लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें भी 17-17 घंटे लेट चल रही हैं। राजधानी और प्रयागराज में 6-6 उड़ानें लेट हैं। दम्माम से आने वाली उड़ान 9 घंटे देरी से आई। ऐसे ही कानपुर सहित तमाम एयरपोर्ट पर 20 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं।

वहीं, लखनऊ में कोहरा कम है, लेकिन गलन और ठिठुरन जारी है। अस्पतालों में बीपी और हार्ट के मरीजों की संख्या में उछाल देखा जा रहा है। सिविल, बलरामपुर और लोकबंधु अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या 35% तक बढ़ गई है। कानपुर कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल के डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया कि ठंड में हार्ट के मरीज 40 से 50% बढ़ गए हैं।

प्रदेश में 8वीं तक स्कूल बंद

कड़ाके की ठंड की वजह से प्रदेशभर के 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। बाकी बदले हुए समय (सुबह 10 बजे) पर खुल रहे हैं। इसके अलावा बरेली-अंबेडकरनगर, कन्नौज, चंदौली में 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी, बदायूं-महाराजगंज में 7 और आगरा-मथुरा में 8 जनवरी तक बंद हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल अगले 3 दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रात और सुबह-शाम के वक्त गलन व ठंड बनी रहेगी। 10 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

अगले दो दिनों के मौसम का पूर्वानुमान

  • 8 जनवरी: पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर ही घना कोहरा रहेगा। धूप निकल सकती है, लेकिन सर्द हवाओं से गलन बनी रहेगी।
  • 9 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में फिर घने कोहरे के आसार हैं। विजिबिलिटी 20 से 100 मीटर तक रह सकती है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *