लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। यहां पारा 3°C से नीचे लुढ़क गया है। मंगलवार सुबह कानपुर, बाराबंकी, गोंडा और बहराइच सहित 40 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई है। लखनऊ भी देर रात से ही घने कोहरे की चपेट में है। कई जिलों में सड़कों पर सन्नाटा रहा।
कुछ शहरों में तो ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह महसूस हुईं। सुबह-सुबह लोग घरों के बाहर अलाव जलाकर बैठे नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों, शॉल और टोपी में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन बेहद अहम रहने वाले हैं। लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
मनाली से भी ज्यादा सर्दी
बीते 24 घंटे की बात करें तो इटावा सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.6°C दर्ज किया गया। यह मनाली (3°C) से भी कम था। इसके अलावा गोरखपुर में पारा 4.5°C, कानपुर नगर में 4.6°C, चुर्क और आजमगढ़ में 5.2°C पहुंच गया।
प्रदेश में 8वीं तक के स्कूल बंद
राज्य के 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। बाकी बदले हुए समय (सुबह 10 बजे) पर खुल रहे हैं। इसके अलावा बरेली-अंबेडकरनगर, चंदौली में 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी, बदायूं-महाराजगंज में 7 और आगरा-मथुरा में 8 जनवरी तक बंद हैं। स्कूलों की छुट्टियों की वजह से सुबह-सुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
50 से ज्यादा उड़ानें लेट
कोहरे के चलते 50 से ज्यादा उड़ानें लेट रहीं। दिल्ली से लखनऊ आने वाली उड़ान IX-2171 को लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली। विमान आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद लौट गया। इसके अलावा यहां 15 से ज्यादा उड़ानें लेट रहीं। ऐसे ही वाराणसी में 20, गोरखपुर में 9, प्रयागराज में 3 और कानपुर में 4 फ्लाइट्स लेट रहीं।
इसके अलावा, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी सहित तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। कोहरे की वजह से सुबह की ट्रेन रात में पहुंच रही हैं। लंबी दूरी ट्रेनें तो 20-20 घंटे की देरी से चल रही हैं। स्टेशनों पर यात्री ठिठुरने को मजबूर हैं।
हार्ट के मरीज 40 से 50% बढ़े
कानपुर कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल के डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया कि ठंड में हार्ट के मरीज 40 से 50% बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा मरीज 50 साल के ऊपर वाले हैं। पहले 700 के आसपास OPD होती थी। आजकल यह बढ़कर 1100 से 1200 हो गई है। ठंड में जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलना चाहिए।
अगले तीन दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
- 7 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अधिकतर जिलों में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। 10–15 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। धूप निकलने के आसार नहीं हैं।
- 8 जनवरी: पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर ही घना कोहरा रहेगा। धूप निकल सकती है, लेकिन सर्द हवाओं से गलन बनी रहेगी।
- 9 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में फिर घने कोहरे के आसार हैं। विजिबिलिटी 20 से 100 मीटर तक रह सकती है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।