बरेली: बरेली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार (02 दिसंबर) को आकस्मिक निधन हो गया। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के दूसरी बार निर्वाचित विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की बरेली सर्किट हाउस में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सर्किट हाउस में आज दोपहर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की एसआईआर को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक सीने में असहनीय दर्द उठा। हालत गंभीर देख अफसरों और सहयोगियों में हड़कंप मच गया। बिना देर किए उन्हें शहर के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिसिटी अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए CPR सहित तमाम चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। काफी कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं बच सके।
कल ही मनाया था जन्मदिन, दो बार बने विधायक
दु:खद संयोग यह रहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। वह फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके साथ ही वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत रहे और शैक्षणिक जगत में उनकी अलग पहचान थी।